नायब तहसीलदार ने किया खैरहना पोलिंग बूथ का निरीक्षण।। Raebareli news ।।

 

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: अमांवा विकासखंड क्षेत्र के अंतर्गत खैरहना ग्राम सभा में फर्जीवाड़ा कर पोलिंग बूथ बदलवाए जाने की एक शिकायत पर नायब तहसीलदार सदर ने गांव पहुंच कर मामले की जांच की। इस दौरान उन्होंने गांव वासियों को उनकी सुविधा अनुसार पोलिंग बूथ निर्धारित करने का आश्वासन दिया है। साथ ही कहा है कि, निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार ही गांव में चुनाव की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। 

    आपको बता दें कि, खैरहना में अब तक पंचायत घर में पोलिंग बूथ रहा है। इस बार भवन जीर्ण-शीर्ण होने के कारण आयोग के दिशा निर्देशानुसार विभाग ने प्राथमिक विद्यालय खैरहना में बूथ नामित किया था। लेकिन दोबारा प्रकाशन में पोलिंग बूथ खैरहना प्राथमिक विद्यालय से उठकर पूरे बंजारन में कर दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि, विभाग की सारी रिपोर्ट प्राथमिक विद्यालय खैरहना के पक्ष में हैं। साथ ही उक्त विद्यालय के समक्ष पर्याप्त मात्रा में जगह और अन्य संसाधन भी उपलब्ध है। उसके बाद भी जनता की सुविधाओं को दर किनार करते हुए निवर्तमान ग्राम प्रधान के षड़यंत्र पर बूथ बदल दिया गया। 

    ग्रामीणों का आरोप है कि, इस मामले में तहसील स्तर पर चुनाव का काम देख रहे लिपिक की भूमिका संदिग्ध है। जो रिश्वतखोरी के चक्कर में इस प्रकार के दुष्कृत्य कर रहा है। बहरहाल शिकायत मिलते ही मामले को गंभीरता से लेकर उप जिलाधिकारी सदर अंशिका दीक्षित ने नायब तहसीलदार को जांच सौंपी है। जिसके बाद नायब तहसीलदार स्वयं गांव पहुंचे और लोगों से बातचीत की, तो मालूम हुआ कि, ग्राम सभा महराजगंज दुसौती मार्ग पर स्थित है। सड़क के उत्तर दिशा में इमामगंज, झखरी, पूरे सिंहाराय, पूरे ठकुराइन मजरे जो प्रावि खैरहना के सन्निकट हैं, और सड़क के दक्षिण दिशा में खैरहना, पूरे तालेवन हैं, जिनके लिए प्रावि पूरे बंजारन में पोलिंग बूथ बनने से आसानी होगी। 

    इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद नायब तहसीलदार ने आबादी के हिसाब से प्रावि खैरहना के सन्निकट गांव अथवा आबादी अधिक होने के कारण वहां डबल बूथ और प्रावि पूरे बंजारन में एक बूथ बनाने का सुझाव देते हुए मातहतों को रिपोर्ट बनाने के लिए कहा है। फोन पर जानकारी देते हुए नायब तहसीलदार ने बताया कि, ग्रामीणों द्वारा बूथ निर्धारित करने में फर्जीवाड़े की शिकायत पर उन्होंने मामले की जांच की है। आमजन की सुविधानुसार पोलिंग बूथ निर्धारित कराने की बात उन्होंने कही है। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ