रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: तहसील महराजगंज में तहसीलदार की कुर्सी खाली होने से काम काज बाधित है।
आपको बता दें कि, कई दिन पूर्व तत्कालीन तहसीलदार विनोद कुमार सिंह को शासन द्वारा निलंबित किए जाने के बाद महराजगंज तहसील में तहसीदार की कुर्सी खाली है। जिससे फरियादियों एवं वादकारियों को वापस लौटना पड़ता है। अधिवक्ताओं का कहना हैं कि, तहसीलदार विनोद कुमार सिंह की कार्यशैली महराजगंज में बहुत अच्छी थी। हर मामले को गंभीरता से सुनते थे, और समय से निस्तारण भी करते थे। उनके निलंबन से कामकाज बाधित है। वहीं नवागंतुक उपजिलाधिकारी सविता यादव के आने से न्यायालय में लंबित पत्रावलियों की सुनवाई लगातार की जा रही। वहीं नायब तहसीलदार न्यायालय में लंबित पत्रावलियों की सुनवाई कई महीनों से नहीं हो रही है, जिससे वादकारियों में काफी मायूसी देखी गई।
उधर तहसीलदार विनोद कुमार सिंह के निलंबन के बाद निर्विवाद पत्रावलियों में भी नामांतरण आदेश नहीं हो रहे है। नायब तहसीलदार न्यायालय में महराजगंज, बछरावा, शिवगढ़ है। जिसमें सिर्फ अभिजीत गौरव नायब तहसीलदार शिवगढ़ का कार्यभार संभालते है, वो भी अभी नई नियुक्ति है, जिसके कारण लंबित पत्रावलियों की सुनवाई व निर्विवाद पत्रावलियों में नामांतरण आदेश नहीं हो पा रहे हैं।
वहीं रजिस्टार कानूनगो कार्यालय में इस संवाददाता द्वारा पड़ताल की गई, तो वहां पर भी तीन रजिस्टार कानूनगो की जगह सिर्फ भानु किशोर त्रिपाठी ही कार्यभार संभाल रहे हैं। जिससे समय पर वादकारियों एवं फरियादियों का काम नहीं हो रहा है, जिसकी वजह से उन्हें तहसील मुख्यालय से बैरंग वापस लौटना पड़ता है।

0 टिप्पणियाँ