महराजगंज/रायबरेली: डंपर चालक की लापरवाही से महराजगंज से हरचंदपुर जाने वाली सड़क पर भयंकर हादसा होने से बच गया। जबकि डस्टगिराते वक्त डंपर के ट्राले से विद्युत लाइन के तार टूट गए, और खंभा जमीन पर आ गिरा। जिससे अहमदगंज को जाने वाली विद्युत आपूर्ति भी ठप हो गई। गनीमत यह रही कि, ट्राले ने जब बिजली लाइन को क्षतिग्रस्त किया, तो उस समय तारों में विद्युत प्रवाह नहीं हो रहा था।
आपको बता दें कि, इन दिनों महराजगंज से हरचंदपुर जाने वाली 12 किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क के पूनर्निर्माण का काम चल रहा है। मंगलवार की शाम डंपर द्वारा डस्ट गिराई जा रही थी। डस्ट गिराते समय जब अहमद गंज के पास ड्राइवर ने हाइड्रोलिक का प्रयोग कर ट्राला को ऊपर उठा कर डंपर को आगे बढ़ाना शुरू किया, तो विद्युत लाइन के तार ट्राले की चपेट में आ गए, और तार टूट कर गिर पड़े।
इसी दरमियान एक विद्युत पोल भी जमीन पर आ गिरा। बाद में लोगों के चिल्लाने पर ड्राइवर ने डंपर रोका। तब तक खंभा और तार क्षतिग्रस्त हो गए थे।
गनीमत इस बात की थी कि, उस समय विद्युत लाइन मे आपूर्ति नहीं हो रही थी। पोल के इस तरह गिरने और खंभा टूट जाने से अहमद गंज और आसपास के गांव में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है।
इस बारे में एसडीओ आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि, मामले की जानकारी हुई है। डंपर चालक का पता लगाकर कार्यवाही की जाएगी। क्षतिग्रस्त खंभे को शीघ्र ही ठीक कराया जाएगा।



0 टिप्पणियाँ