थम नहीं रहा, असामयिक मौतों का सिलसिला, बीते 24 घंटे में 10 मौतों से दहल उठा महराजगंज क्षेत्र।। Raebareli news ।।

 

रजनीकांत अवस्थी

महाराजगंज/रायबरेली: महराजगंज क्षेत्र में लगातार असामयिक मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इनमें कुछ मरीज तो पहले से गंभीर बीमारियों से ग्रसित थे, बाकी वायरल फीवर, जुकाम, खांसी के बाद ऑक्सीजन की कमी से लोगों की मौत होने की सूचना है। बीते 24 घंटे के दौरान कुल 10 मौतों से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

   आपको बता दें कि, फार्मासिस्ट हरीश श्रीवास्तव और पूर्व तहसीलदार न्यायिक रामकिशोर वर्मा की मौत के अलावा आठ और लोगों की भी मौत हुई है। इनमें सबसे चौंकाने वाला मामला कस्बा महराजगंज के रहने वाले न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल सलेथू के शिक्षक मोहित श्रीवास्तव 36 का सामने आया है। उनके परिजनों का कहना है कि, तीन-चार दिन से उन्हें तेज बुखार खांसी थी। उपचार चल रहा था। बीती रात से उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई, और आज उनकी मौत हो गई।

     इसके अलावा जनई गांव के रहने वाले रिटायर्ड पुलिसकर्मी राम सिंह 68 जो बछरावां रोड स्थित जीजीआईसी के पड़ोस में मकान बनाकर रहते थे, एक हफ्ते से उन्हें भी बुखार, जुखाम, खांसी तथा सांस लेने में परेशानी हुई। परिजनों ने बताया कि, आज उनकी भी मौत हो गई। इसी प्रकार हरदोई गांव के रहने वाले लवकुश की मां शर्मा देवी 50 की तबीयत कल अचानक खराब हुई। उनके लड़के लवकुश ने बताया कि, अस्पताल ले जाते समय उनकी भी मौत हो गई। 

     इसी प्रकार रिटायर्ड स्वास्थ्य कर्मी प्रेमा देवी जो सुखई के पुरवा गांव में रहती हैं, उन्होंने बताया कि, उनकी बहू को तेज बुखार के साथ खांसी, जुखाम तथा सांस लेने में दिक्कत की शिकायत हुई। आज तड़के उन्हें सीएचसी महराजगंज ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा मऊ गांव में रहने वाले सुरेश दत्त त्रिपाठी की पत्नी विमला त्रिपाठी 73 काफी दिनों से हृदय रोग से पीड़ित थी, और उनका उपचार भी चल रहा था। उनके लड़के विनोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि, विगत दो-तीन दिनों से उनका ऑक्सीजन लेवल घट गया। हालांकि ऑक्सीजन उन्हें दी गई, लेकिन उनकी मौत हो गई। मऊ बाजार का ही रहने वाला विजय डोम 35 को भी जुखाम और बुखार की शिकायत होने पर परिजन आज उन्हें जिला अस्पताल ले गए। जहां परीक्षण के दौरान वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए। परिजनों का कहना है कि, विजय को लालगंज लेवल-2 अस्पताल में भर्ती कराने ले जाया जा रहा था, रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।

    इसी क्रम में महराजगंज कस्बे से मिले गांव पूरे मूड़ू में रहने वाले बिन्धादीन कोरी 52 व रामफेर बहेलिया 55 को भी बुखार के साथ सांस लेने में दिक्कत के कारण अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में उनकी मौत हो गई। लगातार एक के बाद एक हो रही मौतों से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

   इस बारे में प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर भावेश कुमार से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि, सीएचसी में कोविड-19 को देखते हुए इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे चल रही है। लोगों से अपील है कि, इमरजेंसी सेवाओं के लिए महराजगंज सीएचसी पहुंचे, और स्वयं या झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज कतई ना करावे, तथा बीमारियों के प्रति सतर्क रहें, बाहर निकलने पर मास्क जरूर पहने तथा थोड़ी-थोड़ी देर पर अपने हाथों को साबुन से धुलते रहें, और सैनिटाइजर करते रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ