रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2021 प्रक्रिया अंतर्गत प्रथम चरण में जनपद रायबरेली में मतदान पूर्व कार्मिक प्रशिक्षण एवं मतदान संपन्न कराने हेतु 14 अप्रैल को पोलिंग पार्टियों की रवानगी के साथ 15 मई को मतदान कार्य सम्पन्न हुआ। जिसमें कोविड -19 प्रोटोकाल का उलंघन, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न होना, सैनिटाइजेशन न कराये जाने एवं भीड एकत्र होने से जनपद में सैकड़ों शिक्षक व कर्मचारी कोविड -19 से संक्रमित हुए। साथ ही जनपद में लगभग 30 -32 कार्मिकों/शिक्षकों को कोरोना के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी। जिससे संबंधित परिवारों को अपूर्णनीय क्षति उठानी पड़ रही है।
आपको बता दें कि, कोरोना महामारी के चलते अभी भी दर्जनों शिक्षक/कर्मचारी/अधिकारी कोरोना से संक्रमण के कारण जीवन-मृत्यु के मध्य संघर्ष कर रहें हैं। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश जनपद रायबरेली ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में मांग क्या है कि, 2 मई 2021 को आयोजित मतगणना कार्य को स्थगित किए जाने के साथ मतगणना कार्य में नियुक्त समस्त कार्मिकों का कोविड -19 से बचाव का प्रथम टीकाकरण 1-5 मई के मध्य कराया जाए, तथा मतगणना कार्मिकों को कोविड -19 से बचाव का दूसरा टीकाकरण 42 दिन के पश्चात अनिवार्य रूप से कराने के उपरांत ही 15 जून के पश्चात ही मतगणना कार्य सम्पन्न कराया जाना चाहिए।
प्रशिक्षण/मतदान कार्य सम्पन्न कराने के कारण कोविड -19 से संक्रमित होने के पश्चात अपनी जान गवांने वाले जनपद के शिक्षकों/कार्मिकों के परिवार को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक मदद व प्रत्येक परिवार के सदस्य को नौकरी दी जाये। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश जनपद रायबरेली ने शिक्षक/ कर्मचारियों को व्यापक जनधन की हानि से बचाने एवं उनके परिवार के प्रति मानवीय दृष्टिकोण के दृष्टिगत कोविड-19 से बचाव हेतु टीकाकरण के दोनों चरण पूर्ण होने के पश्चात ही मतगणना का कार्य संपन्न कराये जाने की मांग की है।
साथ ही मांग न स्वीकार होने की दशा में संगठन उक्त मतगणना प्रक्रिया का जनपद के अन्य सगंठनों के साथ मिलकर सामूहिक रूप से बहिष्कार करने सहित अन्य सभी विकल्पों पर विचार करने को बाध्य होगा, जिसका समस्त उत्तरदायित्व राज्य निर्वाचन आयोग व उत्तर प्रदेश शासन स्थानीय प्रशासन का होगा।


0 टिप्पणियाँ