रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: तहसील क्षेत्र के हरदोई गांव में अज्ञात कारणों से गेहूं की खड़ी फसलों में लगी आग से लगभग 5 बीघे खड़ी फसल पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ी को सूचना भेजी गई, लेकिन हरदोई हाजीपुर माइनर की टूटी हुई पुलिया की वजह से दमकल मौके पर नहीं पहुंच पाया। यह तो गनीमत रही कि, हरदोई और हाजीपुर तथा आसपास के गांव से अग्निकांड की सूचना मिलने पर पहुंचे सैकड़ों लोगों ने अपने तरीके से आग को आगे बढ़ने से रोका नहीं तो और बड़ी क्षति हो सकती थी।
आपको बता दें कि, दोपहर में जब लोग भोजन आदि करने घरों में लौट आए थे, तभी अचानक समर बहादुर पुत्र संतराम के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में आग की लपटें उठने लगी, जैसे ही लोगों ने सूचना खेत मालिक को दी, तब तक आग प्रचंड रूप धारण कर चुकी थी, गांव वालों ने सूचना दमकल को दी, लेकिन हाजीपुर माइनर की पुलिया टूटी होने के कारण वाहन आगे नहीं बढ़ पाया, ग्रामीणों ने अपने संसाधनों से आग पर काबू पाया, नहीं तो और बड़ा नुकसान हो सकता था, परंतु आग इतना प्रचंड रूप ले चुकी थी कि, श्रीकांती पुत्री दीनदयाल धोबी, रामदास यादव, समर बहादुर तथा अमर बहादुर के खेत भी अग्नि की पूरी तरह चपेट में आ गए। जिससे लगभग ₹100000 का नुकसान होना बताया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम सविता यादव ने हल्का लेखपाल और कानूनगो को मौके पर भेजकर क्षति का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

0 टिप्पणियाँ