रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: बुधवार का दिन महराजगंज क्षेत्र के लिए अत्यंत अशुभ रहा। थोड़ी थोड़ी देर में लोगों की असामयिक मृत्यु का समाचार मिलता रहा। सबसे दु:खद बात यह रही कि, सीएचसी महराजगंज में तैनात सबको दवा देकर ठीक करने वाले मृदुल और सौम्य स्वभाव के धनी फार्मासिस्ट हरीश श्रीवास्तव खुद बीमारी के चलते दुनिया छोड़ गए। उनके निधन पर क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। परिणाम यह रहा कि, दिनभर सीएचसी में इमरजेंसी सेवाओं के अलावा कोई कामकाज नहीं हुआ। नम् आंखों से साथियों और सहयोगियों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
आपको बता दें कि, महराजगंज सीएचसी में तैनात फार्मासिस्ट हरीश श्रीवास्तव 47 जो कुसमहुरा गांव के रहने वाले थे, तथा इस समय महराजगंज के महिला चिकित्सालय आवासीय परिसर में सपरिवार रहते थे। उन्हें लालगंज लेवल 2 में तैनाती के दौरान कोरोना का संक्रमण हुआ, इलाज के लिए उन्हें लखनऊ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। तीन-चार दिन पहले ही उनकी कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। उसके बाद परिजन उन्हें महराजगंज ले आए थे।
उनकी पत्नी ने बताया कि, आज उन्हें पुनः लखनऊ चेकअप के लिए जाना था। लेकिन सुबह लगभग 6:00 बजे उनकी हालत बिगड़ गई। सांस लेने में भारी दिक्कत के कारण उनका निधन हो गया। उनके निधन पर पूरे अस्पताल परिसर में शोक की लहर दौड़ गई।
अधीक्षक डॉ राधाकृष्णन, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉक्टर भावेश कुमार यादव, डा0 पीके श्रीवास्तव, चीफ फार्मेसिस्ट अनिल कुमार श्रीवास्तव, अभिषेक मौर्य, अमर सिंह चौधरी, सलिल सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता भूपेश मिश्रा, सर्वेश वैश्य आदि ने गहरा शोक जताया है। उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव कुसमहुरा में कर दिया गया है।

0 टिप्पणियाँ