भाजपाइयों में आए उबाल को देखकर पार्टी ने राजाराम त्यागी को महराजगंज प्रथम से बनाया उम्मीदवार।। Raebareli news ।।

 

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: जनपद की 52 जिला पंचायत सदस्यों के लिए भाजपा द्वारा जारी समर्थित उम्मीदवारों की सूची आने के 24 घंटे के भीतर ही अचानक जिला पंचायत सदस्य प्रथम की सीट पर उम्मीदवार चयन में कथित रूप से हुई भूल में सुधार करते हुए पार्टी हाईकमान ने पूर्व विधायक राजाराम त्यागी को अपना अधिकृत समर्थित प्रत्याशी घोषित कर दिया है। जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं के निराश और हताश चेहरों पर खुशी लौट आई है। अब समझा जाता है कि, भाजपा अपनी प्रतिष्ठा पूर्ण इस सीट को जीतने के लिए एड़ी से चोटी तक का जोर लगा देगी।

    आपको बता दें कि, जब से जिला पंचायत अध्यक्ष समेत 52 वार्ड सदस्यों के लिए आरक्षण की सूची जारी हुई थी, तभी से महराजगंज प्रथम सीट पर दावेदारी को लेकर भाजपा समेत अन्य दलों में घमासान मच गया था। महराजगंज प्रथम सीट पर यहां से दो बार विधायक रह चुके पार्टी के कद्दावर नेता जिनकी आम शोहरत जनता के बीच काफी अच्छी है। प्रायः सभी लोग मानकर चल रहे थे कि, यहां से श्री त्यागी ही पार्टी की पसंद होंगे। लेकिन शुक्रवार को प्रत्याशियों की जारी सूची में हरचंदपुर क्षेत्र के रहने वाले राम प्रकाश पासी जिनके बारे में कहा जाता है कि, वह अभी हाल ही में भाजपा में शामिल हुए एक कथित बड़े नेता के बहुत खासम खास हैं। उन्हें पार्टी ने प्रत्याशी घोषित कर दिया, तो बवाल मच गया। पार्टी के तमाम कार्यकर्ता आपे से बाहर हो गए। जिला स्तर से लेकर प्रदेश तक भाजपाइयों ने श्री त्यागी के स्थान पर एक अनजान और बाहरी व्यक्ति को इस प्रकार टिकट थमा देने के फैसले का पुरजोर विरोध किया।

   बताते हैं कि, रातो रात जिले के कई महत्वपूर्ण भाजपा नेता संगठन के उच्च अधिकारियों से जाकर वस्तु स्थिति से अवगत कराया। जिस पर प्रदेश नेतृत्व ने श्री त्यागी के स्थान पर रामप्रकाश पासी को अधिकृत उम्मीदवार घोषित किए जाने का फैसला वापस लेते हुए श्री त्यागी को महराजगंज प्रथम से अधिकृत उम्मीदवार घोषित करने की विज्ञप्ति जारी कर दी। इससे भाजपा नेताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।

    पार्टी के बछरावां विधायक राम नरेश रावत, पूर्व एमएलसी व राष्ट्रीय परिषद सदस्य राजा राकेश प्रताप सिंह, ब्लाक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रभात साहू, वरिष्ठ अधिवक्ता व वरिष्ठ भाजपा नेता विद्यासागर अवस्थी, युवा भाजपा नेता सुनील मौर्य, मंडल अध्यक्ष सूर्य प्रकाश वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष भूपेश मिश्रा, पूर्व मंडल अध्यक्ष सरदार फत्ते सिंह, सतीश श्रीवास्तव, अवधेश मिश्रा, शिव शरण मिश्रा, राम अभिलाख लोधी, शैलेंद्र प्रताप साहू उर्फ राहुल, भारत सिंह, पुष्कल सिंह, सत्येंद्र सिंह पुरासी समेत बड़ी तादाद में भाजपाइयों ने प्रदेश नेतृत्व की सराहना करते हुए श्री त्यागी को अधिक से अधिक वोटों से जिताने का भरोसा दिलाया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ