रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय थुलवासा में मतदान के दौरान बूथ संख्या 108 पर उस समय पुलिस को लाठियां पटक कर लोगों को भगाना पड़ा, जिससे अफरातफरी मच गई। कुछ देर के लिए मतदान प्रभावित हुआ।
आपको बता दें कि, हुआ यह कि, यहां पर लगभग 2:00 बजे बीडीसी प्रत्याशी संजय यादव को कुछ लोगों ने बताया कि, मतदाताओं को बीडीसी का बैलेट पेपर दिया ही नहीं जा रहा है। यह सुनकर वह बूथ के अंदर पहुंचे, तथा पीठासीन अधिकारी से बात करने लगे। तब असलियत खुली की बीडीसी के बैलट खत्म हो गए हैं। बाहर आकर वहां हंगामा करने लगे, तभी काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। इस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा, और लाठियां पटक कर भीड़ को खदेड़ा गया। बाद में चौकी इंचार्ज थुलवासा भी भारी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे, और लोगों को नियंत्रित किया। हंगामा कर रहे संजय यादव के भाई समेत चार लोगों को पुलिस जीप में बिठा कर ले गई। बैलेट पेपर की व्यवस्था करवाने के बाद मतदान शुरू हुआ।
वहीं यही हालत हरदोई के एक बूथ पर हुई। यहां भी एक बूथ पर 4 प्रत्याशियों के खड़े होने के बावजूद 3 प्रत्याशियों के चुनाव चिन्ह वाला बैलट मतदाताओं को दिया जा रहा था, हंगामा खड़ा होने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और व्यवस्था ठीक कराई। यहां भी मतदान प्रक्रिया प्रभावित रही। वहीं इंदौरा गांव में एक युवक को फर्जी मतदान करते हुए पकड़ने का समाचार मिला है। सूचना मिलने पर उसे पकड़ कर बैठा लिया गया था। जबकि जमुरावां गांव में भेजी गई मतदान पेटी जिसमें वार्ड संख्या 1 और 2 के मतपत्र डाले गए थे। तकनीकी खराबी के चलते बक्सा ही फील नहीं हुआ, इस पर कई लोगों ने आपत्ति जताई बावजूद इसके कपड़े में बांधकर बक्से को सील कर दिया गया।

0 टिप्पणियाँ