महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के शाहगंज मजरे मोन गांव में एक परिचित द्वारा रात में 12:30 बजे 20 वर्षीया लड़की को फोन करके घर से बाहर बुलाने, फिर मोटरसाइकिल पर जबरन बैठा कर खेतों की ओर ले जाकर उसके साथ जबरन दुराचार करने का मामला प्रकाश में आया है। कोतवाली पुलिस ने मामले की छानबीन करने के उपरांत आज शनिवार को एक आरोपी व एक अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस घटना की विवेचना में लग गई है, तथा लड़की का मेडिकल कराया गया है।
आपको बता दें कि, गांव निवासी एक व्यक्ति जो, सपरिवार दिल्ली में रहता था, घर पर तिलक का कार्यक्रम होने के कारण वह अपने परिवार सहित गांव आया हुआ था। घटना के बारे में पुलिस को दी गई तहरीर में इसी व्यक्ति की 20 वर्षीया पुत्री ने आरोप लगाया है कि, विगत 9 तारीख की रात इसके घर पर तिलक का कार्यक्रम था, और वह कार्यक्रम में व्यस्त थी। रात लगभग 12:30 बजे पड़ोस के गांव कोड़री मजरे मोन के रहने वाले अर्जुन पुत्र राम विश्वास ने उसके मोबाइल पर फोन किया कि, बहुत जरूरी बात है, तुम घर से बाहर आ जाओ। बार-बार उसके फोन करने पर वह घर से बाहर आ गई। तभी अर्जुन एक अन्य युवक के साथ बाइक से आया, और उसे जबरन बैठा कर खेत की ओर ले गया, और उसके लाख विरोध करने के बावजूद दुराचार किया।
घटना के बाद अभियुक्त ने किसी को न बताने की धमकी देते हुए चले गए। घर आकर उसने लोक लाज के भय से किसी को कुछ नहीं बताया। लेकिन उसके पेट में लगातार दर्द होने के कारण उसने पूरी समस्या अपनी मां को बताई। उसके बाद परिवार के लोगों को जानकारी हो गई, तभी थाने आकर उसने अपनी आपबीती लिखित रूप से कोतवाली महराजगंज में दी। पुलिस ने मामले की छानबीन कर आज 15 मई को मामले में अभियुक्त के विरुद्ध सुसंगत आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाल रेखा सिंह का कहना है कि, विवेचना के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर अभियुक्तों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल पीड़ित लड़की को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।

0 टिप्पणियाँ