महराजगंज/रायबरेली: वर्षों से रुका ताजुद्दीनपुर गांव के विकास का पटिया अब तेजी से घूमेगा, और बिना भेदभाव के पूरी ग्राम पंचायत के सभी रोडों का पुनरुद्धार कराया जाएगा। क्योंकि ताजुद्दीनपुर की महान जनता ने साहसिक फैसला लेते हुए एक इमानदार कर्मठ और तेजतर्रार व्यक्ति को गांव सभा की कमान सौंपी है। इसके अलावा यहां चुने गए ग्राम पंचायत सदस्य प्रधान के साथ टीमवर्क से काम करने के लिए तैयार हैं, क्षेत्रीय विधायक ने यह उद्गार ग्राम पंचायत ताजुद्दीनपुर की नवनिर्वाचित ग्राम पंचायत कमेटी की पहली खुली बैठक में बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किए हैं।
आपको बता दें कि, विगत ग्राम पंचायत चुनाव में ताजुद्दीनपुर के लोगों ने युवा और कर्मठ तेजतर्रार विनोद कुमार साहू उर्फ बवाली को प्रधान पद के लिए चुना था, शपथ ग्रहण के बाद आज बृहस्पतिवार को ग्राम पंचायत की खुली बैठक अन्दूपुर गांव में पीपल के पेड़ के नीचे आयोजित की गई है, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक राम नरेश रावत को आमंत्रित किया गया था। विधायक ने ग्राम प्रधान और नवनिर्वाचित ग्राम पंचायत सदस्यों को उनकी शानदार जीत के लिए बधाई देते हुए आश्वस्त किया कि, विकास के मामले में जो उनसे सहयोग मांगा जाएगा, उसे वह पूरा करेंगे। उनकी दिली ख्वाहिश है कि, ताजुद्दीनपुर ग्राम पंचायत के सभी पुरवे विकास की मुख्यधारा से जुड़ जाएं।
इस मौके पर पूर्व प्रमुख महेंद्र सिंह ने विधायक व उनके साथ आए भाजपा पूर्व जिला उपाध्यक्ष विद्यासागर अवस्थी, महराजगंज मंडल अध्यक्ष सूर्य प्रकाश वर्मा, राम पदारथ शुक्ला आदि को माल्यार्पण कर अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में पूर्व प्रमुख ने कहा कि, यह ऐतिहासिक अवसर है, जब किसी ग्राम पंचायत की पहली खुली बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक ने भाग लिया हो। विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए पूर्व प्रमुख ने कहा कि, गांव सभा के सभी खड़िंजों को इंटरलॉकिंग में परिवर्तित किया जाएगा, और संपर्क मार्गों पर खड़ंजा लगवाया जाएगा। जिसका सभी ने करतल ध्वनि से सर्वसम्मति से समर्थन किया।
इस मौके पर मौजूद भाजपा नेता विद्यासागर अवस्थी ने कहा कि, नए प्रधान के चुने जाने पर वास्तव में इस ग्राम सभा को एक नई आजादी मिली है। अब गांव में चेहरा देखकर विकास कार्य न करा कर, पूरे गांव सभा का समग्र विकास होगा। क्योंकि नए प्रधान के अंदर लोगों का भला करने का जज्बा है। निश्चित रूप से यह ग्रामसभा विकास के पथ पर अग्रसर होगी।
कार्यक्रम में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान विनोद कुमार उर्फ बवाली साहू ने सभी आगंतुकों का आभार जताते हुए विश्वास दिलाया कि, जिस आशा और विश्वास के साथ लोगों ने उन पर भरोसा जताया है, उसे पूरा करने में वह दिन रात एक कर देंगे।
वहीं कार्यक्रम के मुख्य आयोजक और व्यापारी नेता पवन साहू ने कार्यक्रम में पधारे गांव के सभी बड़े बुजुर्ग, युवा, और महिलाओं के साथ साथ क्षेत्रीय विधायक राम नरेश रावत, विद्यासागर अवस्थी तथा मंडल अध्यक्ष सूर्य प्रकाश वर्मा, पूर्व प्रमुख महेंद्र सिंह तथा सभी शुभचिंतकों को हृदय से आभार जताते हुए कहा कि, गांव सभा के प्रतिनिधि पूरी इमानदारी से विकास का काम करेंगे। जिस प्रकार देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा बछरावां विधानसभा क्षेत्र में क्षेत्रीय विधायक राम नरेश रावत विकास कार्य कर रहे हैं, उसी के अनुरूप ताजुद्दीनपुर में भी विकास कराया जाएगा।
इस मौके पर अखिलेश शुक्ला, हरिहर सिंह, जितेंद्र सिंह (पूर्व लिपिक जनता विद्यालय), प्रमोद कुमार साहू, भगौती पासी मऊ, भाजपा नेता राजदेव सिंह, धुन्नी सिंह, भोलई सिंह, रघुवीर सिंह, जय भद्र सिंह, ग्राम विकास अधिकारी अरुण कुमार सहित सैकड़ों ग्रामवासी मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ