रायबरेली: अवैध शराब पकड़ने गई पुलिस टीम पर विगत शुक्रवार की रात करीब साढ़े आठ बजे ग्रामीणों ने लाठी-डडों से हमला कर दिया तथा अवैध शराब बनाने वालों ने पथराव शुरु कर दिया। हमले में महिला सिपाही समेत दो सिपाहियों को चोट आई है। जान बचाने के लिए महिला सिपाही तालाब में कूद गई। पथराव में पुलिस की गाड़ी के शीशे टूट गए। सूचना मिलने के बाद गांव पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस टीम पर हमला करने वालों की धरपकड़ के लिए तीन थानों की फोर्स बुला ली गई। पुलिस टीम ने घर-घर तलाशी के दौरान चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया और मौके से भारी मात्रा में शराब भी बरामद की है।
आपको बता दें कि, अलीगढ़ शराब कांड के बाद जगतपुर थाने की पुलिस की पांच सदस्यों की एक टीम अवैध शराब बनाए जाने की सूचना मिलने पर जगतपुर थाना क्षेत्र के थुलरई गांव में रात करीब साढ़े आठ बजे दबिश देने पहुंची, इसमें एक महिला सिपाही भी थी। पुलिस की टीम को देखकर अवैध शराब का कारोबार करने वाले ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। इन अवैध कारोबारियों ने पुलिस की जीप को घेर कर लाठी-डंडे से तोड़फोड़ शुरू कर दी। घबराए पुलिस वाले जान बचाकर भागे तो शराब बनाने वालों ने पथराव शुरु कर दिया।
पथराव से राखी नाम की एक महिला कांस्टेबल और एक सिपाही घायल हो गया। डर के मारे महिला सिपाही पास के ही एक तालाब में जान बचाने के लिए कूद गई। थानेदार के पुलिस बल के साथ पहुंचने के बाद महिला कांस्टेबल तालाब से बाहर निकली। वह इतनी सहमी हुई थी कि, तालाब से निकाले जाने के बाद भी रोती रही। उसे तत्काल मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। हमले के बाद शराब के अवैध कारोबारी भाग खड़े हुए। इंस्पेक्टर अजीत कुमार विद्यार्थी ने मामले की सूचना विभाग के उच्च अधिकारियों को दी।
अधिकारियों के निर्देश पर गदागंज, ऊंचाहार और डलमऊ थाने की पुलिस फोर्स पहुंच गई। देर रात तक गांव में पुलिस टीम पर हमला करने वालों की धरपकड़ का अभियान चलता रहा। देर रात पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया और घरों से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। एसपी श्लोक कुमार ने बताया कि, अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाकर कारोबारियों पर कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार को पुलिस टीम गांव में छापेमारी करने गई, तभी पुलिस टीम पर शराब कारोबारियों ने पथराव शुरु कर दिया। उन्होंने बताया कि, इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, और मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात है। उन्होंने बताया कि, इस मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार करके संख्त कार्रवाही की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ