अब दुकानों की छतों पर आवारा मवेशियों का डेरा, फसल भी कर रहे चट।। Raebareli news ।।

  

                        फोटो: एसके इंडिया न्यूज़

रजनीकांत अवस्थी

बछरावां/रायबरेली: अभी तक आपने सड़कों पर घूम रहे छुट्टा मवेशियों को देखा होगा, किंतु दुकानों के छतों पर भी अब देखने को मिल जाते हैं। ऐसा ही एक नजारा रायबरेली जनपद के बछरावां कस्बे में देखने को मिला, जहां आवारा गोवंश दुकान की टीनसेट पर देखे गये। यह गोवंश जहां बछरावां कस्बे में आए दिन राहगीरों के लिए मुसीबत बने रहते हैं, तो वहीं खेतों में फसलों को भी नष्ट कर रहे है। लेकिन अब इन छुट्टा जानवरों से दुकानदार भी आजिज है। यहां के हालत इतने दयनीय हो गए हैं कि, यह छुट्टा जानवर दुकानदारों की दुकानों की छतों तक पर चढ़ जा रहे हैं।

    आपको बता दें कि, मंगलवार की सुबह यह नजारा बछरावां बस स्टॉप चौराहे पर देखने को मिला। किसानों के साथ-साथ आम जनता भी परेशान है। अस्थाई गौशाला में बनाए जाने के बाद भी यह स्थिति है। जिले में छुट्टा जानवरों से निजात दिलाने के लिए प्रशासन ने कई दर्जन गौशाला बनवाई हैं। इनमें काफी संख्या में गोवंश होने का दावा भी किया जाता है। लेकिन शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र की तस्वीरें प्रशासन के दावो को खोखला साबित कर रही है। यहां कस्बे के हालात यह है कि, छुट्टा जानवरों का झुंड सड़कों पर घूमता रहता है। जिसके कारण राहगीरों को हादसे का डर सताता रहता है। छुट्टा जानवरों के आतंक की हद तब हो गई, जब मंगलवार की सुबह लगभग 10:00 बजे बछरावां बस स्टॉप चौराहे के पास स्थित बेकरी की अस्थाई दुकानों के ऊपर छुट्टा जानवर पहुंच गए, और दुकान में तोड़फोड़ करने लगे। दुकानदार दुकान छोड़कर भाग खड़े हुए। बड़ी मशक्कत के बाद उन्हें दुकान के ऊपर से नीचे उतारा जा सका।

                     फोटो: एसके इंडिया न्यूज़।
     वहीं क्षेत्र के किसान जय करण पाल, गोकर्ण प्रसाद, राम हेत, संजीव मिश्रा, राकेश, संतोष, रामप्रकाश, वीरेंद्र आदि का कहना है कि, छुट्टा जानवरों से फसलों की बड़ी हानि हो रही है। यह जानवर अब कस्बों व सड़कों पर भी आतंक मचा रहे हैं। दर्जनों लोगों को इन जानवरों ने अब तक मौत के घाट भी उतार दिया है।शासन-प्रशासन गौशालाओं में इन्हें भेजने का दावा तो करती है, किंतु वह दावा सरासर गलत है। किसानों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि, छुट्टा जानवरों को पकड़वा कर गौशालाओं में भेजा जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ