पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव हत्याकांड: कांग्रेस पार्टी ने दिवंगत परिवार को दी ₹100000 की सहायता राशि।। Raebareli news ।।

सार......

प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में लिखा है कि, एक पत्रकार द्वारा खबरें दिखाने को लेकर शराब माफ़ियाओं से ख़तरा होने की आशंका बताती है कि, प्रदेश में कानून के राज का इक़बाल खत्म हो चुका है।

विस्तार.......

शिवाकांत अवस्थी

रायबरेली: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव हत्याकांड के मामले में पत्र लिखा है। पत्र में प्रियंका गांधी ने पत्रकार के परिवार को न्याय, आर्थिक मदद और पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किये हैं।

    आपको बता दें कि, प्रियंका ने पत्र में लिखा है कि, एबीपी न्यूज के पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव की जनपद प्रतापगढ़ में दिनांक 13 जून की रात संदिग्ध हालत में मृत्यु हो गई। वे एक न्यूज कवर करके घर वापस लौट रहे थे। खबरों के अनुसार वे एक ईंट भट्ठे के पास मृत मिले। उनके सिर पर गहरे चोट के निशान थे। प्रियंका गांधी ने लिखा है कि, 12 जून को सुलभ श्रीवास्तव ने ADG प्रयागराज जोन को एक पत्र लिखा था। पत्र में उन्होंने पुलिस अधिकारी को लिखा कि, स्थानीय शराब माफिया अवैध शराब पर उनकी न्यूज रिपोर्ट से नाराज हैं और उन्हें अपनी और अपने परिवार की सलामती की चिंता है। प्रशासन को पत्र भेजे जाने के एक दिन बाद ही संदिग्ध हालातों में वे मृत पाए गए। पत्र में प्रियंका गांधी ने लिखा है कि, सुलभ श्रीवास्तव के परिजनों एवं पत्रकार साथियों ने इस मामले की सीबीआई जांच कर सच सामने लाने की मांग की है।

 प्रदेश में कानून के राज का इक़बाल खत्म: प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में लिखा है कि, यूपी में कई जगहों से जहरीली शराब से हुई मौतों की खबरें आई हैं। अलीगढ़ से लेकर प्रतापगढ़ तक जहरीली शराब के चलते सैकड़ों लोगों की मृत्यु हो चुकी है। ऐसे में एक पत्रकार द्वारा खबरें दिखाने को लेकर शराब माफ़ियाओं से ख़तरा होने की आशंका बताती है कि, प्रदेश में कानून के राज का इक़बाल खत्म हो चुका है। यूपी में बलिया, उन्नाव समेत कई जगहों पर पहले भी पत्रकारों पर हमले होते आए हैं।

  पत्रकार के परिवार को कांग्रेस ने दी आर्थिक मदद की: यहां पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव सुशील पासी ने बताया कि, प्रियंका गांधी ने मामले की CBI जांच के साथ ही प्रदेश भर में जड़ जमा चुके शराब माफिया एवं प्रशासन के गठजोड़ पर कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ पीड़ित परिवार और मृतक के आश्रितों को तुरंत सरकार की तरफ से आर्थिक मदद दिए जाने की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि, पत्रकारों और कलम के सिपाहियों को सुरक्षा देने का काम प्रदेश की कानून व्यवस्था का है। श्री पासी ने यह भी बताया कि, दिवंगत सुलभ श्रीवास्तव के परिवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से ₹100000 की सहायता राशि प्रदान की गई है, और प्रियंका गांधी ने न्याय दिलाने की दिशा में सरकार से सकारात्मक कदम उठाए जाने की भी मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ