◆शासन के आदेश के बाद खिल उठे किसानों के चेहरे जताया आभार।
शिवाकांत अवस्थी
रायबरेली: सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचने वाले किसानों के लिए राहत भरी खबर है। शासन ने अब गेहूं खरीद के लिए 22 जून 2021 तक का और समय दे दिया है। गेहूं उत्पादक किसानों ने शासन के इस आदेश का स्वागत किया है। वहीं, दूसरी ओर पूर्व के आदेश के तहत मंगलवार को गेहूं खरीद का आखिरी दिन था, और क्रय केंद्रों पर किसानों की लाइन लगी थी।
आपको बता दें कि, जनपद में सरकारी गेहूं की खरीद एक अप्रैल से शुरू हो गई थी। शासन ने क्रय केंद्रों पर 1975 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं की खरीद के लिए 15 जून तक का समय निर्धारित किया था। इस बार शासन से गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया है। हालांकि शुरूआत में क्रय केंद्रों पर गेहूं की कम आवक हुई, लेकिन अफसरों की सतर्कता के चलते धीरे-धीरे आवक बढ़ने लगी।
वहीं, दूसरी ओर शासन के आदेश पर 15 जून को गेहूं खरीद बंद होने वाली थी। किसान भी क्रय केंद्रों पर कई-कई दिन से अपने गेहूं की तौल का इंतजार कर रहे थे। उन्हें चिंता यह थी कि, कहीं ऐसा न हो की उन्हें अपना गेहूं बिना तौल किए घर ले जाना पड़े। किसानों को शासन से गेहूं खरीद का समय भी बढ़ाए जाने की संभावना थी। दोपहर बाद शासन द्वारा आदेश जारी किए गए कि, अब गेहूं की खरीद 22 जून तक होगी। यह समाचार सुनते ही किसानाें के चेहरे खिल गए, और उन्होंने शासन के इस आदेश का स्वागत किया है।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने शासन के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि, अब जनपद में गेहूं की खरीद 22 जून तक जारी रहेगी।

0 टिप्पणियाँ