●सूचना मिलते ही मय फोर्स के मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने लिया घटनास्थल का जायजा।
●शिवगढ़ थाना क्षेत्र के पान कुंवर खेड़ा गांव की घटना।
शिवाकांत अवस्थीशिवगढ़/रायबरेली: बीती रात चोरों ने एक ही गांव में चार घरों को निशाना बनाकर 74 हजार नगदी सहित सोने चांदी के आभूषण पार कर दिए। बृहस्पतिवार की सुबह सूचना मिलते ही मूसलाधार बारिश के बीच मय फोर्स के मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष रवीन्द्र सोनकर मौका-ए वारदात का जायजा लेकर जांच पड़ताल शुरु कर दी है।
आपको बता दें कि, घटना यूपी के रायबरेली जनपद में शिवगढ़ थाना क्षेत्र के पान कुंवर खेड़ा मजरे कुम्भी की है। जहां चोरों ने 4 घरों को निशाना बनाया, जिसमें 3 घरों में तो वे चोरी की वारदात को अंजाम देने में कामयाब रहे, किन्तु चौथे घर में उन्हें कामयाबी नहीं मिल सकी। जहां चोरों ने अयोध्या प्रसाद के घर में छत से होकर जीने के रास्ते घर में दाखिल होकर बड़े बक्से से 70 हजार नगदी, 3 जोड़ी चांदी के पायल, एक जोड़ी सोने की झुमकी, करधनी, हसुली सहित जेवरात पार कर दिए। पीड़ित अयोध्या प्रसाद ने बताया कि, श्लेप डलाने के लिए केसीसी से रुपये निकाल कर लाए थे। छोटा बक्सा पीड़ित के घर के पीछे पाया गया है।
वहीं अयोध्या प्रसाद के घर से करीब 200 सौ मीटर की दूरी पर स्थित बृजरानी पत्नी रामलखन के घर में छत से होकर जीने के रास्ते घर में दाखिल हुए चोरों ने कमरे में रखे 2 बक्सों का ताला तोड़कर 4000 नगदी, एक जोड़ी सोने की झुमकी, एक जोड़ी पायल आदि सामान पार कर दिया। छोटा बक्सा छत के ऊपर पाया गया है। सबसे बड़ी विडम्बना है कि, बृजरानी और उसकी बेटी घर के अन्दर दरवाजे के पास लेटी थी, और उसे भनक तक नही लगी, चोरी की वारदात की जानकारी उसे सुबह हुई।
जबकि तीसरी घटना राधेलाल यादव पुत्र स्वर्गीय राम अवतार के घर की है। जिसके घर में छत के रास्ते घर में दाखिल हुए चोरों ने कमरे में रखा छोटा बक्सा पार कर दिया, जो गांव के बाहर घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित समरू यादव के खेत में पाया गया। राधेलाल ने बताया कि, उनके यहां चोरी में सिर्फ बक्से में रखे एक जोड़ी टूटे पायल चोरी हुए हैं। वहीं गांव के ही बृजेश कुमार पुत्र रामाधार के घर की पिछली दीवार में चोरों ने नकब काटकर चोरी की घटना को अंजाम देने की कोशिश की, किंतु अन्दर पिलर पड़ जाने के कारण चोर नकब काटने में कामयाब नहीं हुए।
थानाध्यक्ष रवीन्द्र सोनकर का कहना है कि, अभी तक लिखित तहरीर नही मिली है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जाएगी। थानाध्यक्ष ने यह भी कहा कि, जांच पड़ताल की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा कर अभियुक्तों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

0 टिप्पणियाँ