शिवाकांत अवस्थी
महराजगंज /रायबरेली: जनपद में दो जिला पंचायत सदस्यों, छह ग्राम प्रधानों और 3300 ग्राम पंचायत सदस्यों के पदों को भरने के लिए चुनाव की घोषणा कर दी गई है। इन पदों के लिए 12 जून को मतदान और 14 जून को मतगणना की घोषणा की गई है। छह जून को नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी और सात जून को चुनाव चिन्ह के वितरण के साथ पूरी होगी। आयोग से चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद जिले में चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई है।
आपको बता दें कि, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बीते 15 अप्रैल को मतदान के बाद दो मई को मतगणना कराई गई थी। मतदान से लेकर अब तक जिले में जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित दो लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा छह प्रधानों की भी मौत हो चुकी है। ग्राम पंचायत सदस्य पदों का कोरम पूरा न होने के बाद 342 ग्राम पंचायतों में प्रधानों को शपथ तक नहीं दिलाई गई।
जिले में करीब 3300 ग्राम पंचायत सदस्यों के पद रिक्त हैं। डीपीआरओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि, जब तक ग्राम पंचायत सदस्यों का कोरम ग्राम पंचायतों में पूरा नहीं हो रहा है, तब तक प्रधानों को शपथ नहीं दिलाई जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने रिक्त पदों को भरने के लिए चुनाव की घोषणा की है। जिले में जिला पंचायत सदस्य के दो, प्रधान के पांच और ग्राम पंचायत सदस्य के 3300 पदों के लिए चुनाव की घोषणा की गई है। कार्यक्रम के तहत छह जून को नामांकन के साथ ही नामांकनपत्रों की जांच होगी और सात जून को नामवापसी के बाद चुनाव चिन्ह का वितरण किया जाएगा, तथा 12 जून को मतदान और 14 जून को मतगणना होगी।

0 टिप्पणियाँ