शिवाकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: बीती सोमवार की रात महराजगंज चंदापुर रोड पर ट्रैक्टर से हुई दुर्घटना में घायल दो साइकिल सवारों में से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। मामले में मृतक के भाई ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
आपको बता दें कि, बीती रात पड़ोस के गांव पूरे सधई मजरे अतरेहटा के रहने वाले रामप्रसाद पासी पुत्र छीटू पासी और गांव के ही छोटे लाल पाल पुत्र राम अवतार महराजगंज बाजार से घर वापस जा रहे थे, तभी नूरुलहक कुरैशी के घर के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ट्राली चालक ने साइकिल में टक्कर मार दी थी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
सूचना मिलते ही उप निरीक्षक जमुना प्रसाद त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और घायलों को लादकर सीएससी महराजगंज ले आए थे। दोनों को प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। देर रात ही इलाज के दौरान रामप्रसाद ने दम तोड़ दिया, जबकि उसके साथी छोटे लाल पाल का इलाज चल रहा है।
मामले में मृतक रामप्रसाद के भाई अशोक कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उधर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए ट्रैक्टर चालक भूकेश पुत्र सूरजपाल निवासी कोइली का पुरवा कोरिहर थाना गुरबक्श गंज जनपद रायबरेली को ट्रैक्टर समेत पाली गांव के निकट गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि, ट्रैक्टर चालक भूकेश सहजौरा गांव में एक भट्टे पर ट्रैक्टर ट्रार्ली चलाता था, और बीती रात वह श्रमिकों को सधई का पुरवा छोड़कर वापस भट्ठे की ओर लौट रहा था।

0 टिप्पणियाँ