शिवाकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: यूपी के रायबरेली जिले की कोतवाली महराजगंज क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव ककरहिया मजरे दौतरा में बलात्कार के मामले में जमानत पर जेल से छूटकर आए अभियुक्त ने आरोप लगाने वाली 35 वर्षीय महिला को कुल्हाड़ी से काट डाला। महिला के चिल्लाने पर लोग दौड़े, तो आरोपी भाग निकला। गंभीर दशा में महिला को चिकित्सालय लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी होते ही महराजगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई है और अभियुक्त के धरपकड़ का प्रयास किया जा रहा है।
आपको बता दें कि, गांव निवासी गीता देवी पत्नी रामफेर अपने घर पर बाहर बैठी हुई थी, तभी अभियुक्त रामखेलावन पुत्र चौहान कुल्हाड़ी लेकर आ गया और उसे देखते ही गालियां देते हुए उसके सिर पर कुल्हाड़ी से वार करना शुरू कर दिया। वह अचेत होकर गिर पड़ी, आवाज सुनते ही गांव वाले दौड़े और इलाज के लिए उसे सीएचसी लेकर आए। जहां डॉक्टरों ने गीता को मृत घोषित कर दिया।मामले के बारे में पता चला है कि, अभियुक्त रामखेलावन काफी दिनों से गीता से एक तरफा प्यार करता था, और अभी कुछ ही महीनों पहले गीता ने उसके विरुद्ध जबरन दुराचार करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट लिखाई थी, तथा पुलिस ने उसको जेल भेजा था। गांववालों के मुताबिक लगभग डेढ़ महीने पहले जमानत पर रामखेलावन छूट कर आया था, और उसकी हरकतें जारी थी। लेकिन गीता उसके चक्कर में नहीं आ रही थी, लोगों का मानना है कि, मुकदमे में जेल जाने और एकतरफा प्यार में अभियुक्त ने यह घिनौना अपराध कर डाला है। फिलहाल पुलिस ने अभियुक्त की तलाश शुरू कर दी है और सीएचसी पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही सीएचसी में भारी भीड़ जमा हो गई है।


0 टिप्पणियाँ