महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के चंदापुर रोड पर महराजगंज कस्बे से महज 500 मीटर की दूरी पर अलग-अलग साइकिल से घर लौट रहे दो किसानों को तेज गति से आ रहे सोनालिका ट्रैक्टर नंबर यूपी 33 बीके 4919 के नशे में धुत ड्राइवर ने ठोकर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दुर्घटना होते ही ट्रैक्टर चालक वाहन को लेकर महराजगंज हैदर गढ़ मार्ग पर पाली के आगे पहुंचा ही था कि, पुलिस ने वाहन सहित चालक को दबोच लिया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया है। समाचार लिखे जाने तक महराजगंज सीएचसी में दोनों घायलों का इलाज जारी था।
आपको बता दें कि, महराजगंज कस्बे के चंदापुर मार्ग पर पहरे मऊ की तरफ से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने कोतवाली क्षेत्र के पूरे सधई मजरे अत्रेहटा गांव निवासी छोटेलाल पुत्र राम अवतार एवं राम प्रसाद पासी पुत्र छीटू को जोरदार टक्कर मारकर दी, जिससे दोनों साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल कर दिया। दुर्घटना होते ही ट्रैक्टर चालक वाहन सहित भाग निकला। किंतु उपनिरीक्षक जमुना प्रसाद त्रिपाठी की सक्रियता और सूझबूझ से चालक वाहन सहित पाली गांव के नजदीक मय ट्रैक्टर सहित गिरफ्तार कर लिया गया।
एसआई जमुना प्रसाद त्रिपाठी ने बताया कि, ट्रैक्टर समेत चालक को पाली गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ