महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के बरहुंआ गांव में अलसुबह एक 58 वर्षीय व्यक्ति ने बरामदे की टीन के एंगल से रस्सी के सहारे गर्दन में फंदा डालकर फांसी लगा ली, और उसकी मौत हो गई। आत्महत्या के पीछे बताया जाता है कि, मृतक कर्जे में डूबा होने से घर में रोज होने वाली कहासुनी से तंग आ चुका था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वीडियो देखने के लिए फोटो पर क्लिक करें।आपको बता दें कि, बरहुंआ गांव का रहने वाला राधेलाल गुप्ता 58 गांव से कुछ दूर पालेसर लगाए था, और वहीं रात में लेटता था। साथ ही उसका लड़का कल्लू भी पालेसर के पास ही लकड़ी की गुमटी में दुकान खोले हुए था, और थोड़ी दूर पर वह भी सो रहा था।
घटना के बारे में कुछ ग्रामीणों का कहना है कि, वह सुबह 4 बजे उठा और नित्य क्रिया के लिए गया। वापस लौटने पर उसने पालेसर के आगे रखे गए टीन सेट के खुलने से रस्सी के सहारे फांसी लगा ली। जब कल्लू जागा तो उसने पिता को फांसी के फंदे से लटकता देखा। इस पर उसने शोर मचाया।
आसपास के लोग मौके पर पहुंचे शव को नीचे उतारा गया, और सूचना पुलिस को दी गई। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची, और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। व्यापारी राधेलाल गुप्ता के बारे में गांव में चर्चा है कि, वह कर्ज से डूबा हुआ था। परिजनों के साथ आए दिन इसी कर्ज को लेकर वाद विवाद होता रहता था। इससे तंग आकर उसने फांसी लगा ली है।
मामले में कोतवाली प्रभारी रेखा सिंह ने बताया कि, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ