महाराजगंज/रायबरेली: अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल के निर्देशन पर बछरावां संगठन इकाई के व्यापार मंडल अध्यक्ष राकेश चौधरी, महामंत्री डॉ विजय पाल यादव, अमित वर्मा, ओमिक सोनी तथा ट्रेड यूनियन अध्यक्ष चंद्र प्रकाश गुप्ता ने व्यापारियों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन उप जिला अधिकारी महराजगंज सविता यादव को सौंपा। ज्ञापन लेने के उपरांत उप जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि, उनका ज्ञापन उचित माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचा दिया जाएगा।
आपको बता दें कि, व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित 7 सूत्रीय ज्ञापन में कहा है कि, प्रदेश में दलहन स्टॉक की सीमा हटाई जाए, एवं खाद्य विक्रेताओं के यहां आवश्यक सर्वे छापे बंद किए जाएं। प्रदेश में सक्रिय व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों को व्यापारी कल्याण बोर्ड में सदस्य के रूप में शामिल किया जाए। इसके अलावा प्रदेश में वरिष्ठ व्यापारी पेंशन योजना लागू की जाए। कोरोना से मृत व्यापारियों को मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत शामिल करते हुए उनके परिजनों को दस लाख रुपए का मुआवजा दिया जाए।और लॉकडाउन के समय का दुकानों के 2 महीने का बिजली का बिल माफ किया जाए तथा प्रदेश में 3 सितंबर को व्यापारी दिवस घोषित किया जाए।
इसके साथ ही व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ को प्रभावी बनाते हुए व्यापारियों को उचित सुरक्षा प्रदान की जाए।
इस मौके पर बछरावा व्यापारी व्यापार मंडल अध्यक्ष राकेश चौधरी, महामंत्री डॉ विजय पाल यादव, अमित वर्मा, ओमिक सोनी तथा ट्रेड यूनियन अध्यक्ष चंद्र प्रकाश गुप्ता सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ