शिवाकांत अवस्थी
बछरावां/रायबरेली: उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की एक बैठक ज्योति बाल विद्या मंदिर में संपन्न हुई। जिसकी अध्यक्षता सुनील सागर ने की। बैठक में सैकड़ों की संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बछरावां के भाजपा विधायक राम नरेश रावत रहे।
आपको बता दें कि, बतौर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक राम नरेश रावत ने कहा कि, व्यापारियों की समस्या का निस्तारण बिना किसी भेदभाव के किया जाएगा। उन्होंने कहा कि, जिन व्यापारियों की मृत्यु कोविड-19 के कारण हुई है। उनके परिवार वालों को आर्थिक मदद का शासन स्तर पर लिखकर सहायता कराने का प्रयास किया जाएगा। व्यापारियों की मांग को देखते हुए उन्होंने कहा कि, वह मुख्यमंत्री से मिलकर छोटे दुकानदारों की 1 लाख रुपए तक के ऋण माफ कराने का भी प्रयास करेंगे। अपने उद्बोधन में उन्होंने यह भी कहा कि, वह अपनी निधि से समस्त बीडीसी मेंबरों व प्रधानों को एक-एक सोलर लाइटें देने का प्रयास करेंगे। इसी के साथ उन्होंने ज्योति बाल विद्या मंदिर में एक सौर ऊर्जा लाइट लगवाने की भी घोषणा की।
बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील सागर ने बताया कि, ओवरब्रिज तथा शिवगढ़ मार्ग की समस्या को उन्होंने उद्योग बंधु की बैठक में जोरदार ढंग से प्रस्तुत किया था, जिसके परिपेक्ष में शीघ्र ही शिवगढ़ मार्ग की मरम्मत और लाइट लगाने एवं उसकी मरम्मत कराने का आश्वासन अधिकारियों के द्वारा दिया गया। उन्होंने बताया कि, इस सड़क के निर्माण में लोक निर्माण विभाग व सेतु निगम एक दूसरे पर मामले को टालने का प्रयास कर रहे थे, परंतु ज्ञात हुआ है कि, यह सेतु निगम द्वारा पीडब्ल्यूडी को स्थानांतरित कर दिया गया है।
संरक्षक त्रिभुवन नाथ मिश्रा ने कहा कि, कोविड-19 काल में व्यापारी समाज वैसे भी परेशान हैं अब मरीज बिल्कुल कम हो चुके हैं, इसलिए 2 दिन की बंदी की जगह सिर्फ 1 दिन बंदी होनी चाहिए। इस पर विधायक राम नरेश रावत ने कहा कि, वह जिलाधिकारी से मिलकर इस समस्या का निस्तारण कराने का प्रयास करेंगे।
बैठक का संचालन कर रहे संरक्षक सौरमंडल शुक्ला ने कहा कि, विद्युत सप्लाई रोज किसी न किसी कारण से बाधित होती है। इसकी वजह फीडर पर लोड ज्यादा होना है, यदि इसे बछरावां नगर बछरावां ग्रामीण व इंडस्ट्रियल एरिया तीन भागों में विभाजित कर दिया जाए, तो बछरावां वासियों को राहत मिल जाएगी।
इस मौके पर संरक्षक चंद किशोर, आजाद बराती लाल चौधरी, सदाशिव चौधरी द्वारा भी व्यापारियों की समस्याओं पर प्रकाश डाला गया। युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित शुक्ला द्वारा भी क्षेत्रीय विधायक का स्वागत करते हुए व्यापारिक समस्याओं पर प्रकाश डाला गया। बैठक में प्रमुख रूप से अतुल कुमार, सतीश सोनी, दुर्गेश शुक्ला, दिनेश चौधरी, अहमद खान, राम कुमार सोनी, श्याम सिंह पटेल, संतोष वर्मा, रवि कांत गुप्ता, कौशल किशोर गुप्ता, विजय गुप्ता, अमित शुक्ला सहित सैकड़ों व्यापारी व सदस्यगण उपस्थित रहे।






0 टिप्पणियाँ