महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के पहरे मऊ गांव में देसी शराब के ठेके पर शराबियों ने जमकर आपस में मारपीट की, जिससे 3 लोग घायल हो गए। मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी रेखा सिंह पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंची और हंगामा काट रहे लोगों को लाठी पटक का दौड़ाया, जिससे भगदड़ मच गई। मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की ओर से 4 लोगों के विरुद्ध दलित अत्याचार निवारण अधिनियम का केस दर्ज किया है। अभियुक्तों की तलाश जोरो से जारी है।
आपको बता दें कि, घटना मंगलवार की देर रात पहलरे मऊ के देसी शराब ठेके के पास घटित हुई। घटना के बारे में पुलिस को दी गई तहरीर में मुकेश कुमार पासी पुत्र दयाराम निवासी अशरफाबाद थाना महराजगंज ने बताया कि, वह अपने साथियों रंजीत और विनोद के साथ ठेके के पास खड़ा था, तभी पहरे मऊ गांव के रहने वाले पिंटू माली, रिंकू माली, पुत्रगढण गंगा माली तथा संजय चौरसिया और कुलदीप चौरसिया आदी पहुंच गए। जो शराब के नशे में धुत थे, और मुकेश आदि को जातिसूचक शब्दों की गालियां देना शुरू कर दिया।
विरोध करने पर चारों ने तीनों को पीटना शुरू किया। जिससे वहां भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में कुछ लोग और भी पिट गए। सूचना जब कोतवाली पुलिस को मिली तो गश्त पर निकली कोतवाली प्रभारी रेखा सिंह मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंची और हंगामा काट रहे लोगों को दौड़ा लिया। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मारपीट कर रहे दबंग भाग निकले। पुलिस तीनों घायलों को लेकर सीएचसी आई, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
भुक्तभोगी मुकेश की तहरीर पर चारों अभियुक्तों के विरुद्ध अनुसूचित जाति जनजाति उत्पीड़न निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाल रेखा सिंह का कहना है कि, अभियुक्तों की तलाश जारी है।

0 टिप्पणियाँ