विधायक ने की बीडीसी व प्रधानों को विधायक निधि से एक-एक सोलर लाइट देने की घोषणा।। Raebareli news ।।

 प्रत्येक सोमवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों की समस्याएं सुनेंगे कुंवर हनुमन्त प्रताप सिंह।

शिवाकांत अवस्थी

शिवगढ़/रायबरेली: क्षेत्र के ब्लॉक सभागार में बीते मंगलवार को नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख कुंवर हनुमन्त प्रताप सिंह व क्षेत्र के 58 क्षेत्र पंचायत सदस्यों को शिवगढ़ खण्ड विकास अधिकारी अजय कुमार सिंह द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ लेने से पूर्व, ब्लाक प्रमुख कुंवर हनुमन्त प्रताप सिंह ने खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय प्रांगण में स्थित शिव मंदिर में माथा टेक कर भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। 

  आपको बता दें कि, शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे क्षेत्रीय भाजपा विधायक रामनरेश रावत ने सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों व ग्राम प्रधानों को विधायक निधि से एक-एक सोलर लाइट देने की घोषणा की। शपथ ग्रहण समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने के बाद ब्लाक प्रमुख कुंवर हनुमन्त प्रताप सिंह ने सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं ग्राम प्रधानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि, जिस आशा और विश्वास के साथ क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने उन्हें ब्लाक प्रमुख बनाया है। उस विश्वास को हमेशा कायम रखने का काम करेंगे। 

  उन्होंने कहा कि, बगैर किसी भेदभाव के समूचे क्षेत्र में विकास कार्य कराने का काम किया जाएगा। श्री सिंह ने कहा कि, सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों को काम मिले। सभी की समस्याओं का निदान हो, जिसके लिए क्षेत्र पंचायत सदस्यों के घर जाने के साथ ही प्रत्येक सोमवार को पूरा दिन अपने कार्यालय में रहकर सभी से मिलने एवं समस्याएं सुनने का काम किया जायेगा।

    इस मौके पर पूर्व एमएलसी एवं कुंवर हनुमन्त प्रताप सिंह के पिता राजा राकेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक राजाराम त्यागी, एडीओ पंचायत जितेंद्र बहादुर सिंह, एडीओ सी अभिषेक सिंह, पूर्व प्रधान संघ अध्यक्ष विनोद सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष पवन सिंह, शिवगढ़ भाजपा मण्डल अध्यक्ष जीबी सिंह, प्रधान संघ संरक्षक राजकुमार सिंह, शशी भदौरिया, रमेश सिंह, दिनेश सिंह आदि लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ