महराजगंज/रायबरेली: जनपद अमेठी के मोहनगंज थाने में यूपी गैंगस्टर एक्ट के मुकदमा अपराध संख्या 449/2020 में वांछित महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के दौतरा गांव के रहने वाले अभियुक्त शिव मूरत सिंह उर्फ नान बाबू पुत्र गंगा बक्स सिंह के घर पर जाकर थाना शिवरतनगंज की पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 82 के तहत कार्यवाही करते हुए अभियुक्त के घर पर नोटिस चिपकाई और गांव में मुनादी भी कराई।
अभियुक्त के दरवाजे पर नोटिस चस्पा करता पुलिसकर्मीआपको बता दें कि, थाना शिवरतन गंज के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह दल बल के साथ महराजगंज कोतवाली पहुंचे, और कोतवाल रेखा सिंह से मुलाकात कर महराजगंज थाने से भी फोर्स अपने साथ ली। इसके उपरांत वह दौतरा गांव पहुंचे।
थाना प्रभारी शिवरतन गंज धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि, दौतरा गांव के रहने वाले शिव मूरत सिंह उर्फ नान बाबू पुत्र गंगा बक्स सिंह के विरुद्ध थाना मोहनगंज जनपद अमेठी में मुकदमा अपराध संख्या 449/2020 धारा 2/3(1) यूपी गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत है। किंतु अभियुक्त लगातार फरार चल रहा है। न्यायालय के आदेश पर उसके विरुद्ध सीआरपीसी की धारा 82 के तहत कार्यवाही करने का आदेश मिला है। इसी क्रम में उन्होंने अभियुक्त के घर के दरवाजे पर नोटिस चस्पा की। परिवारीजनों को अवगत कराया गया कि, यदि अभियुक्त एक माह के अंदर पुलिस अथवा न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसकी समस्त चल व अचल संपत्ति न्यायालय के आदेश पर कुर्क कर ली जाएगी। इस सूचना को पुलिस ने पूरे गांव में डुग्गी पिटवा कर मुनादी करवा दी है। इससे गांव में हड़कंप मच गया है।


0 टिप्पणियाँ