खाना बनाते समय लगी आग से सवा लाख रुपए नकदी समेत जला गरीब का आशियाना।। Raebareli news ।।

 

शिवाकांत अवस्थी

बछरावां/रायबरेली: थाना क्षेत्र के ग्राम सभा महरौरा मजरे नीम टीकर में शिव कुमार अपने परिवार के साथ एक छप्पर की झोपड़ी में रहकर गुजर बसर करता था, उसकी हालत को देखते हुए ग्राम प्रधान द्वारा उसके नाम एक आवास आवंटन किया गया। जिसे वह बनवा रहा था।

   आपको बता दें कि' प्रधानमंत्री आवास की पहली किस्त पाने के बाद उसने ₹55000 बैंक से निकाले उसके बाद उसने अपनी सास से 25000, साली से 10000, बहन से 6000 रुपए लेकर एकत्रित किए। लगभग 14000 का धान बेचा था, इसके अलावा पिपरमेंट का तेल भी घर में रखा हुआ था। शिवकुमार की सोच थी कि, सरकार के द्वारा दिए गए आवास की धनराशि एवं रिश्तेदारों से कर्ज लेकर वह रहने लायक अच्छा खासा मकान बना लेगा। बाद में कमा कर कर्जे का भुगतान कर देगा। किन्तु भगवान को कुछ और ही मंजूर था।

    विगत दिवस खाना बनाते समय अचानक झोपड़ी में आग लग गई, देखते ही देखते आग ने प्रचंड रूप धारण कर झोपड़ी को खाक कर दिया। जब तक गांव के लोग आग बुझाते तब तक सब कुछ जलकर स्वाहा हो चुका था। इसी के साथ उस गरीब के अपने मकान में रहने का सपना भी जलकर खाक हो गया। हालांकि फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, परंतु तब तक ग्रामीणों द्वारा आग बुझाई जा चुकी थी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ