शिवाकांत अवस्थी
बछरावां/रायबरेली: 2022 के विधानसभा चुनाव के पहले छोटे लोहिया के नाम से पहचान रखने वाले स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा मनाई गई। यहां बछरावां सहित पूरे यूपी में आयोजित साइकिल रैली के बहाने सपा ने 2022 विधानसभा चुनाव के लक्ष्य को भेदने के मिशन के साथ 05 से 10 किलोमीटर की साइकिल रैली निकाली। स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की 88 वीं जयंती पर आयोजित साइकिल रैली बछरावां विधानसभा के विभिन्न मार्गों से होते हुए निकाली गई।
आपको बता दें कि, सपा ने आगामी 2022 के विधानसभा चुनाव का बिगुल बजा दिया है। बछरावां विधानसभा में सपा के पूर्व विधायक रामलाल अकेला एवं जिला पंचायत सदस्य विक्रांत अकेला के द्वारा अपने सैकड़ों साथियों के साथ यदुवंशी ढाबा से लेकर प्रधान ढाबा तक साइकिल यात्रा निकालकर आम जनमानस में पार्टी की नीतियों को जन जन तक पहुंचाने का आवाहन किया गया। रैली के दौरान मुलायम सिंह जिंदाबाद, अखिलेश यादव जिंदाबाद, समाजवादी पार्टी जिंदाबाद, रामलाल अकेला जिंदाबाद के गगनभेदी नारों से समूचा बछरावां क्षेत्र गूंज रहा था।
रैली के पश्चात पत्रकार वार्ता एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री अकेला ने कहा कि, भाजपा की जन विरोधी नीतियों के विरोध में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के द्वारा पूरे प्रदेश में साइकिल रैली निकाली जा रही है। डीजल-पेट्रोल के साथ खाद्य पदार्थों के दामों में भारी बढ़ोतरी, भ्रष्टाचार और बढ़ते अपराध के खिलाफ यह रैली निकाली जा रही है। उन लोगों ने साइकिल चला कर आंदोलन किया है, और यह जनता को बताने का प्रयास किया कि, 2022 के विधानसभा चुनाव में साइकिल चला कर भी जन-जन को समाजवादी पार्टी से जोड़ने का कार्य करेंगे। स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती पर आज 2022 के विधानसभा चुनाव का आगाज किया गया है, और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को यूपी का मुख्यमंत्री बनाने का कार्य करेंगे।
पूर्व विधायक श्री अकेला ने कहा कि, उत्तर प्रदेश की योगी सरकार एवं केंद्र की मोदी सरकार से आम जनमानस त्रस्त हो चुका है। जिसका परिणाम आगामी विधानसभा चुनाव में साइकिल का बटन दबाकर जनता मुंहतोड़ जवाब देगी। वर्तमान सरकार ने गरीबों एवं किसानों तथा युवाओं की भलाई के लिए सरकार ने कोई तिजोरी नहीं खोली है, बल्कि उत्पीड़न किया गया है।
वर्तमान में बेरोजगारी चरम सीमा पर है। सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए जाने के कारण दैनिक जीवन के प्रयोग में आने वाली वस्तुओं की कीमत सातवें आसमान पर है। केंद्र की मोदी सरकार ने गरीबों को गैस सिलेंडर तो मुफ्त में बांट दिए लेकिन आज गरीबों के पास महंगाई के चलते गैस भरवाने के पैसे तक नहीं हैं। महंगाई के चलते गरीब लकड़ियों का प्रयोग करके जीवन यापन कर रहे हैं।
इस मौके पर मौजूद कार्यक्रम के संयोजक सपा के बछरावां विधानसभा अध्यक्ष राकेश त्रिवेदी उर्फ आलू महाराज ने कहा कि, समाजवादी लोग आज व्रत लेंगे कि, वे जनेश्वर मिश्र के बताए मार्ग पर चलकर भाजपा के भय, भूख और भ्रष्टाचार के उल्टे पड़े नारे को जन-जन तक पहुंचाएंगे और उन्हें बताएंगे कि, महंगाई किस चरम पर है। डीजल-पेट्रोल महंगे हो गए हैं, इसके साथ ही सरसों का तेल दाल और अन्य चीजों के दाम भी आसमान छू रहे हैं। ऐसे में सपा कार्यकर्ता अपने नेता की याद में साइकिल रैली निकालकर जन-जन में संदेश दे रहे हैं कि, उठो साथियों, जागो साथियों! 2022 में सपा सरकार बनाकर 2024 में केंद्र सरकार बनाने का मार्ग प्रशस्त करेंगे।
इस मौके पर वरिष्ठ सपा नेता दर्शन माता फेर सिंह, युवा सपा नेता सुधीर साहू, जगदीश त्रिपाठी, सत्येंद्र श्रीवास्तव, शेखर चौधरी, निजामुद्दीन मंसूरी, राजू रायनी, मुस्ताक अली, शकील मंसूरी, डॉक्टर चंद्रमण त्रिपाठी, मोहम्मद शादाब, अभिषेक वर्मा उर्फ रामजी, अजीत सोनकर, हैप्पी अकेला, कुंवर वीर भान सिंह, रन बहादुर सिंह, महेंद्र सिंह यदुवंशी, जितेंद्र सिंह यदुवंशी, पूर्व प्रधान राम बहादुर यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।


0 टिप्पणियाँ