जेष्ठमास के प्रथम बड़े मंगलवार पर रायबरेली भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह ने महावीरन हनुमान मंदिर पर टेका मत्था, लिया जीत का आशीर्वाद

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: तहसील क्षेत्र में जेठ माह के पहले बड़े मंगल पर बजरंगबली का जयघोष रहा। जगह-जगह सुंदरकांड का पाठ एवं हनुमान जी महाराज की स्तुति व हवन पूजन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भक्तों ने भंडारों में पहुंचकर प्रसाद छका। इसी क्रम में राणा बेनी माधव द्वारा बनवाए गए क्षेत्र के बावन बुजुर्ग बल्ला स्थित प्राचीन व सुप्रसिद्ध महावीरन हनुमान मंदिर पर कमेटी द्वारा मेले का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश सरकार के मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने पहुंचकर हनुमान जी महाराज के दरबार में मत्था टेका, और आशीर्वाद लिया, तत्पश्चात अपने हाथों से भक्तों को प्रसाद वितरित किया।

    आपको बता दें कि, ज्येष्ठ मास के पहले मंगल को महावीरन हनुमान मंदिर में स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा का भव्य श्रृंगार किया गया है।हनुमान जी को छप्पन भोग लगाया गया। प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने आरोग्य के देवता हनुमान जी महाराज की पूजा अर्चना कर मंगल कामना की। मंदिर परिसर में ही हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ हो रहा है। वहीं समर्थक द्वारा ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल को प्रदेश सरकार के मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह के रायबरेली से रिकॉर्ड मतों जीत के लिए भी विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है।

    ज्येष्ठ मास के मंगलवार का विशेष महत्व है। ऐसी मान्यता है कि, इस दिन जो श्रद्धालु सच्चे मन से हनुमान जी की आराधना करता है उसकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इस दिन हनुमान जी को सिंदूर अर्पित करना शुभ माना गया है। ज्येष्ठ मंगल मानने को लेकर एक किंवदंती भी है। सीता हरण के बाद हनुमान जी प्रभु श्री राम से ज्येष्ठ मास में ही मिले थे, और वह दिन ज्येष्ठ माह का पहला मंगलवार था। ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल को मंदिरों के बाहर जगह-जगह भंडारों का आयोजन भी किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ