रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: शिवगढ़ थाना क्षेत्र के बरियारपुर में रात भर खनन चलता रहा क्षेत्रीय पुलिस को भनक तक नहीं लगी। जिला खनन अधिकारी ने मंगलवार को तहसीलदार ज्ञान प्रताप सिंह के साथ-राजस्व टीम की मौजूदगी में खनन माफिया द्वारा खुदवाई गई मिट्टी के खनन की जांच/नाप कराई तो 2472 घन मीटर यानी करीब 500 ट्राली मिट्टी का अवैध खनन पाया गया। बड़ी बात तो यह है कि यह अवैध खनन खाकी की सरपरस्ती में बिगत तीन जून की रात भर होता रहा, खाकी को भनक तक नहीं लगी। जबकि खनन स्थल से चंद कदम दूरी पर ही ही गुमावां चौकी स्थापित है।
आपको बता दें कि, तहसील क्षेत्र के शिवगढ़ थाना अंतर्गत बरियारपुर गांव में विगत 3 जून की रात गांव के ही रामचंद्र पुत्र राम हर्ष द्वारा जेसीबी लगाकर गांव सभा की सुरक्षित जमीन पर बिना किसी अनुमति के अवैध खनन कराया गया।
अवैध खनन की जानकारी एसडीएम राजित राम गुप्ता को मिली। उन्होंने जिला खनन अधिकारी उमाकांत को मंगलवार को बुलाकर तहसीलदार ज्ञान प्रताप सिंह के साथ खनन स्थल बरियारपुर भेजा।
तहसीलदार ज्ञान प्रताप सिंह ने बताया कि, विगत 3 जून की रात का अवैध खनन बताया गया है जो गांव के ही रामचंद्र पुत्र राम हर्ष द्वारा गांव सभा की सुरक्षित चारागाह की जमीन गाटा संख्या 898 रकबा 1.0 18 हैकटेयर के 1092 घन मीटर पर किया गया है। उन्होंने बताया कि, इसी के साथ ही सुरक्षित जमीन तालाब गाटा संख्या 1047 मि. 0.397 हेक्टर की 380 घन मीटर भूमि पर भी खनन कराया गया है। तहसीलदार श्री सिंह ने जिला खनन अधिकारी के सामने ही राजस्व निरीक्षक मोहम्मद अहमद लेखपाल दर्शिता श्रीवास्तव सहित अन्य राजस्व कर्मियों के साथ तालाब एवं चारागाह पर कराए गए खनन की नाप- जोख कराई तो सुरक्षित जमीन पर 1472 घन मीटर यानी करीब 500 ट्राली अवैध मिट्टी का खनन पाया गया।
गांव सभा की सुरक्षित जमीन पर किए गए अवैध खनन को लेकर तहसील प्रशासन संबंधित आरोपी पर एफआईआर की तैयारी में भी है।
इनसेट
महराजगंज: जिला खनन अधिकारी उमाकांत ने बताया तहसील महराजगंज के बरियारपुर की सुरक्षित चरागाह एवं तालाब की भूमि पर अवैध खनन पाया गया है बहुत ही गंभीर विषय है उन्होंने बताया कि, जिलाधिकारी को समूचे प्रकरण की रिपोर्ट प्रस्तुत की जा रही है अधिकतम ₹200000 तक का जुर्माना किया जा सकता है।
इनसेट
महराजगंज: एसडीएम राजित राम गुप्ता ने बताया कि, गांव सभा की सुरक्षित चरागाह एवं तालाब की भूमि पर अवैध खनन की जांच में पुष्टि हुई है। निश्चित रूप से गम्भीर प्रकरण है। संबंधित के खिलाफ लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम एवं खनन अधिनियम की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
इनसेट
महराजगंज: उधर शिवगढ़ थाना अध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया बरियारपुर में विगत तीन जून की रात कराए गए अवैध खनन की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि, अगर खनन हुआ है तो जांच कराई जाएगी। यह पूछने पर कि रात भर जेसीबी से 500 ट्राली मिट्टी का खनन हुआ आप कहते हैं जानकारी नहीं है पर उनका जवाब संतोषजनक नही मिला।

0 टिप्पणियाँ