रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: मंगलवार सुबह से शुरू हुई 36 रायबरेली लोकसभा चुनाव की मतगणना के दौरान, शुरुआती रुझान से यह अनुमान लगाया जा रहा था कि, भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह और कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी के बीच के बीच हार जीत का अंतर कम मतों से होगा। लेकिन जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ी और राहुल गांधी ने एक बार बढ़त बनाई तो फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा, और रिकॉर्ड 4 लाख 5 हजार मतों से जीत दर्ज की। जैसे ही राहुल गांधी के जीत की घोषणा हुई, वैसे ही यहां महराजगंज कस्बा समेत पूरे जनपद के कांग्रेसी और सपा खेमा जश्न के माहौल में डूब गया। हर कोई एक दूसरे का मुंह मीठा करा कर खुशी का इजहार कर रहा है।
आपको बता दे कि, कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी के जीत की घोषणा के साथ ही महराजगंज कस्बा जश्न में डूब गया। सपा नेता फिरोज अहमद के प्रतिष्ठान पर बछरावां विधानसभा से सपा विधायक श्याम सुंदर भारती, पूर्व प्रत्याशी नगर पंचायत सोमनाथ गुप्ता, सपा नेता फिरोज अहमद, समेत सैकड़ों पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे का मुंह मीठा कराकर राहुल गांधी के रिकॉर्ड तोड़ मतों से जीत की बधाई दी।
सपा विधायक श्याम सुंदर भारती ने कहा कि, रायबरेली की देवतुल्य जनता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि, रायबरेली की जनता राजनीतिक रूप से कितनी समझदार है। रायबरेली की जनता ने कमाल कर दिया, मैं बछरावां समेत रायबरेली की देवतुल्य जनता को बारंबार प्रणाम करता हूं।
सपा विधायक ने कहा कि, यह भारतीय जनता पार्टी की नैतिक और राजनीतिक हार है। यह लड़ाई रायबरेली की जनता और भारतीय जनता पार्टी के बीच की है। इंडिया गठबंधन रायबरेली में जनता के इस अभूतपूर्व जनादेश को हर्षोल्लास स्वीकार करता हैं। इस बार रायबरेली की देवतुल्य जनता ने इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी राहुल गांधी को जो ऐतिहासिक बहुमत दिया है, उसके लिए इंडिया गठबंधन का एक-एक पदाधिकारी कार्यकर्ता हमेशा कृतज्ञ रहेगा। सपा विधायक ने राहुल गांधी का बयान दोहराया और कहा यह जीत रायबरेली के बब्बर शेर कार्यकर्ताओं की जीत है।




0 टिप्पणियाँ