रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र टाउन एरिया महराजगंज में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। एक बुजुर्ग महिला ने थाने में तहरीर देकर अपने सगे बेटे पर ही उसे और उसकी बेटी को घर से भगाने, गाली गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था।
आपको बता दें कि, टाउन एरिया महराजगंज की रहने वाली गायत्री देवी जयसवाल पत्नी छोटे लाल जायसवाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि, उनके नाम एक मकान टाउन एरिया महराजगंज में दर्ज था। किंतु पति की मृत्यु के पश्चात पीड़िता व उसके पुत्र अमित कुमार उर्फ रिंकू जायसवाल का नाम टाउन एरिया में दर्ज कर दिया गया था।
पीड़िता अपनी पुत्री के साथ एक कमरे में किसी तरह अपना जीवन यापन कर रही है, और प्रार्थनी के पुत्र अमित कुमार जायसवाल का मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत रुद्र नगर में बना है। जिसमें अमित कुमार उर्फ रिंकू जायसवाल रहना नहीं चाहते हैं।
आरोप है कि, अमित कुमार जायसवाल ने जबरन अपनी मां के मकान पर कब्जा कर रखा है। यह भी आरोप है कि, मां के विरोध करने पर उसके साथ गाली गलौज करते हैं, और मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। बूढी मां गायत्री देवी ने अपने सगे पुत्र अमित कुमार जायसवाल से अपनी जान का खतरा बताते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बालेंदु गौतम से न्याय की गुहार लगाई है।
मामले में कोतवाल बालेंदु गौतम ने कहा कि, तहरीर प्राप्त हुई है, पारिवारिक मामला है, जांचोंपरांत मिले तथ्यों के आधार पर दोषी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
आपको यह भी बता दें कि, आरोपी पुत्र अमित कुमार जायसवाल उर्फ रिंकू जायसवाल व्यापारी नेता है। समय-समय पर समाज में रह रहे शोषित वंचित लोगों तथा व्याप्त भ्रष्टाचार की आवाज उठाते रहते हैं। किंतु यहां "दीपक के नीचे अंधेरा"वाली कहावत चरितार्थ होती नजर आ रही है।

0 टिप्पणियाँ