रजनीकांत अवस्थी
बछरावां/रायबरेली: जनपद उन्नाव से बछरावां सीएनजी भरवाने आए लोडर पर सवार युवकों को नहर नहाने की योजना बनाना भारी पड़ गया। जबकि सीएनजी भरवाने के बाद नहर नहाने गए युवकों में से एक युवक ने अपने आप को तैराकी में महारत हासिल करने की बात अपने साथियों से कहकर जैसे ही उसने इंदिरा नहर में छलांग लगाया, पानी के तेज बहाव के साथ वह विलुप्त हो गया। साथी मित्र उसका नाम लेकर जोर-जोर पुकारते रहे, किंतु जब वह एक बार पानी में डूबा तो दोबारा ऊपर नहीं दिखा। सूचना पर पहुंची पुलिस विभाग और गोताखोरों की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में ड्यूटी हुई है। किंतु खबर लिखे जाने तक गोताखोरों की टीम के हाथ सफलता नहीं लगी है।
आपको बता दें कि, मामला गुरुवार दोपहर का है। सलमान निवासी कटरा मजरे पान कुंवर खेड़ा थाना मौरावां जनपद उन्नाव अपने लोडर में सीएनजी भरवाने बछरावां आया हुआ था। उसके साथ गांव के ही रहने वाले अहमद हसन, असलम, गुड्डू, सफीक, उज्जवल, निहाल, सुरजल, सरदार, इदरीश और बबलू भी लोडर पर सवार होकर चल दिए। लोडर में सीएनजी भर जाने के बाद सभी ने नहर नहाने का प्लान बना लिया और वह सभी सूरजू गांव के मोड़ के पास इंदिरा नहर पर पहुँच गए। सभी ने सूरजपुर माइनर में नहाने की योजना बनाई, किंतु अहमद हसन (23) पुत्र मेंहदी हसन निवासी कटरा ग्राम पंचायत पान कुंवर खेड़ा थाना मौरावां जिला उन्नाव ने खुद को तैराकी में माहिर कहते हुए इंदिरा नहर में नहाने के लिए कूद गया। एक छोर से नहर पार करते हुए वह कुछ दूर तक तो दिखाई दिया, किंतु दूसरे किनारे पर पहुंचने के पहले वह अपने दोस्तों की आंखों से ओझल हो गया। चीख पुकार पर भी जब वह नहीं निकला, तो घटना की सूचना ग्रामीणों को दी गई। उधर सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसकी तलाश में गोताखोरों की टीम लगाई गई है, जिनके द्वारा लगातार रेस्क्यू करने का प्रयास किया जा रहा है।
खबर लिखे जाने तक युवक के शव को बरामद नहीं किया जा सका है। गोताखोर निरंजन कश्यप, संजू व राकेश कुमार ने बताया कि, नहर में पानी का बहाव तेज है। जिसके चलते शव बहाव के साथ बह कर काफी दूर निकल गया होगा। घटनास्थल व आसपास काफी तलाश की गई है किन्तु शव बरामद नहीं हो सका है।
मामले में थाना अध्यक्ष विजेंद्र शर्मा ने बताया कि, युवक के शव की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी।




0 टिप्पणियाँ