30 घंटे बाद बरामद हुआ अविरल का शव, घर में मचा कोहराम

रजनीकांत अवस्थी 

बछरावां/रायबरेली: कस्बे के राजामऊ रोड के रहने वाले अविरल मिश्रा का शव 30 घंटे बाद हरचंदपुर थाना क्षेत्र के गुनावर कमंगरपुर मजरे नवीगंज में कदम पुलिया के पास से बरामद हुआ। शव बरामद होते ही घर में कोहराम मच गया। 

      आपको बता दें कि, कस्बे से सटे हुए राजामऊ रोड का रहने वाला अविरल मिश्रा (25) पुत्र सुरेंद्र मिश्रा रविवार की रात करीब 10:00 बजे घर से फल लाने को कह कर निकाला, फिर वह वापस घर नहीं लौटा। उसके बड़े भाई प्रशांत मिश्रा ने उसे फोन कर पूछा, तो उसने बताया कि, बस थोड़ी देर में लौट रहे हैं। उसके बाद से उसका फोन स्विच ऑफ हो गया था। परिजनों द्वारा खोजबीन के बाद उसकी मोटरसाइकिल बछरावां-शिवगढ़ मार्ग पर शारदा नहर के पास खड़ी मिली थी। इससे यह कयास लगाए जा रहे थे कि, अविरल शारदा नहर में कहीं डूब तो नहीं गया है। 

     इसी को लेकर सोमवार को पूरा दिन बछरावां थाने की पुलिस, एसडीआरएफ एवं गोताखोरों की टीम को लगाया गया था। परंतु अविरल का कहीं भी अता-पता नही लग सका था। मंगलवार की सुबह लगभग 6:00 बजे के करीब हरचंदपुर थाना क्षेत्र के नवीगंज गांव के पास कदम पुलिया की झाड़ियों में उसका शव ग्रामीणों ने देखा। शव को देख हड़कंप मच गया। 

     सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची बछरावां एवं हरचंदपुर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और सूचना परिजनों को दी गई। परिजनों ने मौके पर पहुंच कर शव की पहचान की।

      अविरल की मौत से उसके घर में कोहराम मच गया है।  कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

       थानाध्यक्ष ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ