रजनीकांत अवस्थी
बछरावां/रायबरेली: थाना क्षेत्र के केसरखेड़ा गांव में नाली विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी डंडे तथा कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। घटना में तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक की स्थिति को नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
आपको बता दें कि, गांव निवासी शिव दुलारी पुत्री संतलाल, पार्वती पत्नी संतलाल, काजल पुत्री कैलाश जब दोपहर खेतों से घर वापस आ रही थी तभी पड़ोसी रामअवध पुत्र देवतादीन ने पूर्व में खोदी गई नाली को लेकर विरोध शुरू कर दिया। कहासुनी कुछ ही देर में मारपीट में तब्दील हो गई। रामअवध व उसका बेटा रोहित, तथा बेटी संध्या ने विपक्षियों पर लाठी डंडे और कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया।
मारपीट में शिवदलारी, पार्वती तथा काजल घायल हो गई। जिन्हें एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पार्वती की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
कोतवाल विजेंद्र शर्मा ने बताया कि, घटना की जानकारी हुई है तहरीर मिली है। घटना की जांच की जा रही है। केस दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ