राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन होगा 10 अगस्त को चार ब्लाक के 1.46 लाख बच्चे खायेंगे एल्बेन्डाजोल

रजनीकांत अवस्थी

रायबरेली: जनपद में 10 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया जायेगा, जिसके तहत चार ब्लॉक जगतपुर, लालगंज, शिवगढ़ और रोहनिया में एक से 19 साल के बच्चों को पेट से कीड़े निकालने की दवा एल्बेन्डाजोल खिलाई जाएगी। इसी क्रम में सोमवार को बचत भवन सभागार में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक हुयी। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि, सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की समय से ट्रेनिंग कराई जाये और माइक्रोप्लान बनाया जाये। कोई भी बच्चा दवा सेवन से वंचित  न रहे।

      आपको बता दें कि, कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 वीरेंद्र सिंह ने बताया कि, एक से 19 साल के 1.46 लाख बच्चों को एल्बेन्डाजोल खिलाये जाने का लक्ष्य है जिसमें 74,209 लड़के और 72174 लड़कियां हैं। जनपद के 452 सरकारी और 83 निजी विद्यालयों के बच्चों को शिक्षकों के माध्यम से तथा एक से पाँच साल के आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पंजीकृत  बच्चों को और छह से 19 साल के विद्यालय न जाने वाले बच्चों को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से दवा खिलाई जाएगी। इसके अलावा अन्य 15 ब्लाक में सर्वजन दवा सेवन (आईडीए) अभियान के तहत दवा खिलाई जाएगी। जो बच्चे 10 अगस्त को दवा सेवन से वंचित रह जायेंगे उन्हें 14 अगस्त को मॉप अप राउंड के तहत दवा खिलाई जाएगी।

      जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी डी0एस0 अस्थाना बताते हैं कि, जिन बच्चों के पेट में कीड़ों की संख्या ज्यादा होती है उनमें दवा सेवन के बाद चक्कर आना, जी मितलाना आदि दुष्प्रभाव देखने को मिलते हैं | ऐसे में बच्चे को खुले में लिटायें और स्वच्छ पीने का पानी पिलायें। उन्होंने बताया कि, बच्चों के पेट में कीड़े होंने से बच्चे कुपोषित हो जाते हैं और उनमें खून की कमी हो जाती है। बच्चों की वृद्धि में रूकावट हो जाती है। बच्चे सुस्त हो जाते हैं, वह जो खाते पीते हैं उसका शरीर के द्वारा अवशोषण नहीं होता है बल्कि पोषक तत्त्व पेट में कीड़े खा लेते हैं। इसलिए साल में दो बार फरवरी और अगस्त में अभियान चलाकर एक से 19  साल के बच्चों को पेट से कीड़े निकालने की दवा एल्बेन्डाजोल खिलाई जाती है।

      इस मौके पर शिक्षा विभाग और आईसीडीएस के प्रतिनिधि, सभी सम्बंधित सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक अआदी मौजूद रहे।

      इसी क्रम में एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारियों, ब्लाक शिक्षा अधिकारी, जिला समुदाय प्रक्रिया प्रबन्धक तथा बाल विकास परियोजना अधिकारियों  का प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ