रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: बीते रविवार की देर रात अपनी रिश्तेदारी से घर वापस लौट रहा एक मोटरसाइकिल सवार युवक बरसात के कारण सड़क पर गिरे सूखे शीशम के पेड़ से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया, स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को लाद कर सीएचसी महराजगंज पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर स्थानीय लोगों द्वारा घायल के परिजनों को घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजन घायल को जिला अस्पताल ले गए।
आपको बता दें कि, प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार को क्षेत्र के महराजगंज इन्हौना मार्ग पर खेरवा गांव और डेपारमऊ चौराहे के बीच रिमझिम बरसात के कारण एक सूखा शीसम का पेड़ बीचो-बीच सड़क पर गिर गया था, जिसकी वजह से एक घंटा तक यातायात बाधित रहा। ग्रामीणों की मदद से पेड़ का कुछ हिस्सा काट कर बाहर कर दिया था, तब जाकर यातायात बहाल हुआ था। पेड़ गिरने के मामले में जानकारी के बावजूद वन विभाग के अधिकारी कुंभकर्णी नींद सोए हुए थे, और रविवार को भी मोटे तने का आधे से ज्यादा हिस्सा पड़ा हुआ था। उधर रविवार को ही थुलवासा गांव का रहने वाला सुजीत पुत्र राकेश कुमार मुरैनी गांव अपने रिश्तेदारी गया हुआ था और देर शाम वह अपने घर थुलवासा वापस लौट रहा था।
तभी अंधेरे में वह पेड़ से टकरा गया। जिससे उसके बाइक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और वह घायल होकर सड़क पर गिर गया, जिसमें उसके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
मामले की जानकारी जैसे ही मुरैनी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रणविजय सिंह को हुई उन्होंने मौके पर पहुंचकर घायल को ढांढ़स बंधाते हुए अपने सहयोगियों मोहित सिंह और गोलू सिंह की मदद से 108 एंबुलेंस द्वारा उसे सीएचसी महराजगंज पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इससे पहले ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रणविजय सिंह ने घायल के परिजनों को सूचना देकर सीएचसी महराजगंज बुला लिया था।
घटना के बाद अस्पताल से गांव पहुंचे रणविजय सिंह एडवोकेट ने रात में ही मजदूरों को बुलाकर शीसम के सूखे गिरे हुए पेड़ को कटवाकर सड़क से बाहर करवाया।

0 टिप्पणियाँ