जवाहर नवोदय विद्यालय की छात्राओं को मिला नया छात्रावास

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: जवाहर नवोदय विद्यालय की छात्राओं को अब नया छात्रावास मिल गया है, जिससे छात्राओं में हर्ष का माहौल है। छात्राओं के लिए नया छात्रावास बनकर तैयार हो जाने की जानकारी मिलते ही नवोदय विद्यालय के पूर्व छात्र कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सुशील पासी, बछरावां विधायक श्याम सुंदर भारती, पूर्व विधायक रामलाल अकेला, नगर अध्यक्ष सरला साहू, अध्यक्ष प्रतिनिधि व भाजपा नेता प्रभात साहू, कस्बे के वरिष्ठ कपड़ा व्यवसायी सुधीर साहू ने तत्कालीन प्रधानाचार्य एसएन पाठक, डॉ अमरनाथ राय एवं उप प्रधानाचार्य जी0पी0 मिश्रा द्वारा की गई निरंतर लिखा पढ़ी और सराहनीय प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए विद्यालय परिवार को बधाई दी है।

      आपको बता दें कि, वर्ष 2014-15 में तत्कालीन प्राचार्य एसएन पाठक, डॉ अमरनाथ राय व उप प्राचार्य गोवर्धन प्रसाद मिश्रा ने छात्र-छात्राओं के नए आवास बनवाने की आवाज पहली बार विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में उठाई थी। सहमति पर इसके लिए प्रस्ताव भी भेजा गया था। निरंतर लिखा पढ़ी तथा पैरोकारी के बाद अब योजना को अमलीजामा पहनाया जा सका और एक विशाल व खूबसूरत इमारत छात्राओं के लिए छात्रावास के रूप में तैयार हो गई। लगभग 7.50 करोड़ रुपये की लागत से इस छात्रावास का निर्माण कार्य कराया गया है।

     पूर्व उप प्रधानाचार्य जीपी मिश्रा से जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि, वर्ष 2024-25 से जवाहर नवोदय विद्यालय बावन बुजुर्ग बल्ला की लगभग 200 छात्राओं के लिए नया छात्रावास मिल गया है।

       जवाहर नवोदय विद्यालय की छात्राओं को नया छात्रावास मिलने पर विश्वविद्यालय के वर्तमान प्रधानाचार्य चंदन बागिस, अभिभावक, क्षेत्र प्रतिनिधियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए निवर्तमान विद्यालय परिवार द्वारा किए गए प्रयासों की भूरि-भूरि सराहना करते हुए बधाई दी है।

     आपको यह भी बता दें कि, यहां पर छात्राओं के रहने के लिए उचित व्यवस्था न होने के कारण वर्ष 2014 में बछरावां के तत्कालीन सभासद वीरभान ने अपनी बेटी श्रेया का नाम विद्यालय से कटवा दिया था। तत्कालीन उप प्राचार्य गोवर्धन प्रसाद मिश्रा ने बताया कि, तत्कालीन सभासद वीरभान की शिकायत के बाद यह मुद्दा उठाया गया था। अब छात्रावास का निर्माण पूरा हो गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ