रायबरेली में लाइसेंसी पटाखा बनाने की फैक्ट्री में विस्फोट, एक नाबालिक की मौके पर ही मौत, बड़ी तादात में पुलिस फोर्स व फायर ब्रिगेड मौजूद

रजनीकांत अवस्थी

शिवगढ़/रायबरेली: थाना क्षेत्र के पारा खुर्द गांव के बाहर एक मस्जिद के पास स्थित लाइसेंसी पटाखा बनाने की फैक्ट्री में अज्ञात कारणों से विस्फोट हो गया। जिसमें एक 14 वर्षीय नाबालिक लड़के की झुलस कर मौके पर ही मौत हो गई। बारूद के धमाके से आसपास क्षेत्र के कई गांवों के लोग सहम गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों की कड़ी मस्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खबर लिखे जाने तक मौके पर बड़ी तादात में पुलिस फोर्स और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और कर्मचारी मौजूद रहे। 

    आपको बता दें कि, प्राप्त जानकारी के मुताबिक घटना आज सोमवार की शाम लगभग 7:00 की है। बताते हैं कि, पारा खुर्द गांव के बाहर मस्जिद के समीप एक लाइसेंसी पटाखा बनाने की फैक्ट्री संचालित है, जिसका लाइसेंस पारा खुर्द गांव के ही रहने वाले मोहम्मद जाहिद पुत्र अज्ञात के नाम है।

     सोमवार की शाम लगभग 7:00 बजे लाइसेंस होल्डर मोहम्मद जाहिद का 14 वर्षीय साला सुनैल पुत्र अज्ञात निवासी पुरानी थाना महराजगंज मौजूद था। अचानक पटाखा बनाने की फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ, और मौके पर मौजूद सुनैल बारूद के धमाके में झुलस कर काफी दूर जा गिरा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

    आसपास के ग्रामीण बताते हैं कि, बारूद का विस्फोट इतना जबरदस्त था कि, आसपास के कई गांव हिल गए और लोगों में दहशत व्याप्त हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर आनन-फानन शिवगढ़ कोतवाल श्याम कुमार पाल मय पुलिस फोर्स, एवं अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 

     कोतवाल श्याम कुमार पाल ने बताया कि, घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी तादाद में पुलिस फोर्स पहुंच गई थी। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया, और धमाके में मारे गए 14 वर्षीय किशोर का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ