खेतों में खाद डालकर मोटरसाइकिल से घर वापस लौट रहे दो किसानों पर हुआ प्राणघातक हमला, 4 के खिलाफ केस दर्ज

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के गोलहा मजरे जिहवा गांव स्थित खेतों से खाद डालकर मोटरसाइकिल से अपने घर बिशुनपुर मजरे रामनगर थाना मोहनगंज जनपद अमेठी जा रहे दो किसानों पर मऊ सिकंदरपुर रोड पर सिराज अहमद के खेतों के पास घात लगाए बैठे हमलावरों ने लाठी दंडो व धारदार हथियार एवं लोहे की राड से मार मार कर लहू लुहान कर देने का मामला प्रकाश में आया है। सूचना पर पहुंची 112 पुलिस और एंबुलेंस की सहायता से दोनों मोटरसाइकिल सवार घायल किसानों को सीएचसी महराजगंज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक की स्थिति को नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। उधर पुलिस ने मिली तहरीर के आधार पर चार हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, मामले की विवेचना शुरू कर दी है। 

     आपको बता दें कि, घटना रविवार लगभग शाम 7:30 की है। गांव निवासी रमेश कुमार (35) पुत्र गंगा प्रसाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि, महराजगंज थाना क्षेत्र के गोलहा मजरे जिहवा गांव स्थित उनके खेत है। रविवार की शाम वह और उसके साथ निम्बर गौतम (45) पुत्र छिट्टन निवासी पुरे बहेलिया मजरे रामनगर थाना मोहनगंज जनपद अमेठी अपने खेतों में खाद डालने गए हुए थे। खाद डालने के बाद एक ही मोटरसाइकिल से दोनों लोग घर वापस लौट रहे थे, तभी मऊ सिकंदरपुर रोड पर सिराज अहमद के खेतों के पास उनके गांव के ही घात लगाए बैठे चार हमलावरों अंबिका प्रसाद साहू, जयप्रकाश साहू उर्फ मोनू व राजेंद्र कुमार उर्फ सोनू पुत्रगण सूर्यपाल साहू एवं सूर्यपाल पुत्र राम भवन साहू ने योजना बंद तरीके से एक राय होकर हमला बोल दिया तथा लाठी डंडों व धारदार हथियार एवं लोहे की राड से मार मार कर घायल कर दिया, जिससे सिर पर भी गहरी चोट आई है। चीख पुकार सुनकर खेतों में काम कर रहे आसपास के लोगों को अपनी ओर आता देख सभी हमलावर गंदी गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग निकले। 

     सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची 112 पुलिस और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी महराजगंज में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद निम्बर गौतम की स्थिति में सुधार होता न देख, जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।    

    मामले में कोतवाल बालेंदु गौतम का कहना है कि, मिली तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। मिले तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ