सार........
⭕ सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल आयी 156 शिकायतें, 15 का मौके पर कराया निस्तारण।
⭕ निस्तारण में अनावश्यक विलम्ब हुआ तो तय होगी जवाबदेही।
विस्तार........
रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली: सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन शनिवार को सभी तहसीलों में हुआ। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने सलोन तहसील में जनता की फरियाद सुनी। इस दौरान उनके सामने कुल 156 मामले आए, जिनमें 15 का मौके पर निस्तारण कराया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए सख्त निर्देश दिया कि, इसका समयान्तर्गत व गुणवत्तापरक निस्तारण कराया जाए।
आपको बता दें कि, सलोन तहसील के संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग से 101, पुलिस विभाग 26, विद्युत विभाग 03, नगर पंचायत 01, नलकूप 01, वन विभाग 02 और समाज कल्याण विभाग से 02 मामले जिलाधिकारी के सामने आए।
जिलाधिकारी ने पैमाइश एवं भूमि विवाद से संबंधित मामलों में कहा कि, राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम मौका-मुआयना करके सही व्यक्ति को तत्काल राहत दिलाएं। समय से हर किसी की शिकायत का समाधान सरकार की प्राथमिकता है, सभी अधिकारी इस बात का ख्याल रखें। उन्होंने पिछले संपूर्ण समाधान दिवस में आई शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि, अगर निस्तारण में अनावश्यक विलंब हुआ या निस्तारण सही नहीं पाया गया तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अग्रवाल ने भी पुलिस से संबंधित मामलों को सुना और मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम सलोन, सीओ, सीएमओ सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



0 टिप्पणियाँ