रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: नवरात्रि के पावन पर्व पर नवमी तिथि के दिन कस्बे में आस्था और श्रद्धा की अद्भुत छटा देखने को मिली। मां दुर्गा की नवशक्ति स्वरूप सिद्धिदात्री के विशेष पूजन के साथ कस्बा सहित क्षेत्र भर में जगह-जगह कन्या पूजन, कन्या भोज और भंडारे आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक देवी की आराधना की और कन्याओं को देवी का रूप मानकर पूजित किया।
आपको बता दें कि, इसी क्रम में जय मां जसवंतरी देवी दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों द्वारा सुबह से ही जय मां जसवंतरी देवी मंदिर में कन्या भोज का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। जसवंतरी देवी प्रमुख मंदिर में भव्य सजावट और विधि-विधान से पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। समिति के प्रबंधक व भाजपा नेता प्रभात साहू समेत समस्त पदाधिकारियों ने मां सिद्धिदात्री का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए हवन-पूजन किया और सुख, समृद्धि तथा शांति की कामना की।
कन्या पूजन के साथ ही कन्या भोज की परंपरा को भी विशेष महत्व देते हुए बाकायदा छोटी बच्चियों को देवी का स्वरूप मानते हुए उन्हें भोजन कराया गया और उपहार भी भेंट किए गए। जय मां जसवंतरी देवी दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारी कन्या पूजन कर जीवन में देवी की कृपा और आशीर्वाद पाने की कामना करते दिखे।
इसके साथ ही क्षेत्र भर में जगह-जगह भंडारे भी लगाए गए, जिनमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। नगरवासियों ने बड़े उत्साह के साथ नवरात्रि के इस अंतिम दिन को मनाया। पूजा स्थलों पर सजावट और भव्य आयोजन के साथ-साथ श्रद्धालुओं की भक्ति ने मां जसवंतरी देवी मंदिर प्रांगण में हो रहे आयोजनों में बड़ी तादाद में पहुंचकर अद्वितीय आस्था का वातावरण बनाया। कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज आखिरी दिन रात्रि की बेला में जवाबी कीर्तन महासंग्राम "ज्योति कमल बाराबंकी और कोमल क्रोधी लखनऊ" के मध्य होगा। कार्यक्रम में आज आखिरी दिन बड़ी तादाद में लोगों के जुटने की उम्मीद जताई जा रही है, जिसके मध्येनजर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजामात किए गए हैं।
आज पूरा दिन मां जसवंतरी देवी मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। जय मां जसवंतरी देवी दुर्गा पूजा समिति के प्रबंधक प्रभात साहू, जयकरन साहू, सुधीर साहू, अध्यक्ष पीयूष साहू, त्रिवेणी लाल गुप्ता, रामकुमार मुंशी, कोषाध्यक्ष कालिका प्रसाद त्रिपाठी, श्रीकांत त्रिपाठी, विनीत वैस्य, धर्मेंद्र वर्मा समेत नगर वासियों ने माता के समक्ष अपनी श्रद्धा निवेदित की और आने वाले दिनों में सुख-शांति की प्रार्थना की।





0 टिप्पणियाँ