थुलवांसा गांव का सुविख्यात मेला 8 से 15 दिसम्बर, तैयारियां पूर्ण

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: विगत वर्षों की भाति इस वर्ष भी दिसम्बर माह में क्षेत्र के सुविख्यात थुलवांसा मेले का सात दिवसीय आयोजन होगा। आयोजक मंडल के जनप्रतिनिधि व समाजसेवियों द्वारा मेले की व्यवस्था के इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं, जिसमें क्षेत्र के बड़ी तादात में व्यापारी अपनी दुकानें लगाएंगे। मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रधान प्रतिनिधि व जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र यादव ने बताया कि, आयोजित होने वाले सात दिवसीय मेले में अनेक संस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।

     आपको बता दें कि, महराजगंज क्षेत्र के थुलवांसा गांव में विगत कई वर्षों से दिसम्बर माह में विशाल मेले का आयोजन किया जाता है। क्षेत्र में लगने वाले इस मेले की सराहना दूर दराज क्षेत्र में भी होती है। इस बार थुलवांसा मेले का आयोजन 8 दिसम्बर से 15 दिसम्बर तक होगा, जो राधा कृष्ण मंदिर के सामने सात दिनों तक चलता रहेगा।

     कमेटी के अध्यक्ष ने बताया कि, 11 व 12 दिसम्बर को रंगारंग कार्यक्रम (नौटंकी) का भी आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के प्रबंधक ग्राम प्रधान थुलवांसा विद्यावती यादव ने बताया कि, दूर दराज से आने वाले व्यापारियों को दुकान लगाने हेतु विशेष सुविधाएं दी जाएगीं, तथा दो पहिया व चार पहिया वाहनों को सुव्यवस्थित खड़ा करने हेतु पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जिससे की आम जनमानस को किसी भी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न न हो तथा सभी लोग मेले में आकर भरपूर आनंद उठाएं व मेले की शोभा बढ़ाएं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ