रोड हादसे में घायल बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान मौत

रजनीकांत अवस्थी

 महाराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के कुसढी सागरपुर चौराहे पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन उसे सीएचसी महराजगंज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति में सुधार होता न देख, जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।

       आपको बता दें कि, घटना रविवार शाम 7:00 की है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कुसढ़ी सागरपुर पाठशाला की रहने वाली इसरा देवी (70) पत्नी श्यामलाल किसी काम से चौराहे गई हुई थी, तभी एक अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई। बताते हैं कि, घटना में उनके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस से उसे उच्चीकृत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया, किन्तु जिला अस्पताल में इसरा देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही।

      मामले में कोतवाल जगदीश यादव का कहना है कि, मृतका के पुत्र राम दास की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ