रायबरेली पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा: आर्टिगा कार की लूट करने वाले आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

महताब खान

रायबरेली: खबर यूपी के रायबरेली से है। जहां पुलिस अधीक्षक डॉक्टर यशवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस को एक बड़ी सफलता हांथ लगी है। लखनऊ से सुल्तानपुर जा रही आर्टिगा कार की लूट के मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 

     आपको बता दें कि, मामला रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र का है, जहां बीते 6 जनवरी को तीन आरोपियों ने लखनऊ से सुल्तानपुर जाने के लिए एक अर्टिगा कार बुक कराई थी, कुछ दूर चलने के बाद उनके तीन और साथी कार में सवार हो गए, गाड़ी जैसे ही जगदीशपुर पहुंची वैसे ही उनमें से एक युवक ने चालक नवाब अहमद की कनपटी पर तमंचा लगा दिया था और उसके हाथ पैर बांधकर मुंह पर टेप लगा दिया, उसके बाद एक युवक खुद गाड़ी चलाने लगा और रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र में बटोही रेस्टोरेंट के पास ड्राइवर को उतारकर गाड़ी लेकर फरार हो गये।

    पुलिस ने वाहन स्वामी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी थी, इस घटना से पूरे जिले में हड़कंप मच गया था। 

     पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लिया और घटना के खुलासे के लिए हरचंदपुर पुलिस के साथ-साथ एसओजी की टीम लगा दी थी, सर्विलांस की मदद से पुलिस ने बुकिंग कराकर गाड़ी लूटने वाले 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी लखनऊ, बाराबंकी, बिहार, रायबरेली के रहने वाले हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से पुलिस ने दो तमंचा व कारतूस बरामद करने के साथ ही लूटी गई गाड़ी को भी बरामद कर लिया है, आठों आरोपियों को जेल भेज दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ