रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल सलेथू ने राष्ट्रीय बालिका दिवस पर बालिकाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम आयोजित किए। कार्यक्रम की शुरुआत एक विशेष प्रार्थना सभा से हुई। इसके बाद एक भावपूर्ण नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के जरिए समाज में बालिकाओं का समर्थन और उनकी शिक्षा के महत्व को दर्शाया गया। इसके अलावा मानव श्रृंखला बनाकर जनसाधारण को जागरूक किया गया।
आपको बता दें कि, प्रधानाचार्य राजीव सिंह ने कहा कि, इस दिवस की शुरुआत 2008 में की गई थी, जिसका उद्देश्य भारत में लड़कियों को प्रभावित करने वाले विभिन्न सामाजिक मुद्दों से निपटना था। उन्होंने राष्ट्रीय बालिका दिवस की जानकारी देते हुए कहा कि, ग्रामीण अंचल में विद्यालय स्थापित करने का उद्देश्य ही ये था कि, उनका संस्थान बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा दे सकें। अपने संबोधन में श्री सिंह ने बालिकाओं के विकास में शिक्षा की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने संस्थान की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि, हर बालिका को अपने सपनों को साकार करने के लिए एक समावेशी और सहयोगात्मक वातावरण प्रदान करना ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि, न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल का उद्देश्य हर छात्र, विशेषकर बालिकाओं को ऐसा माहौल प्रदान करना है जहां वे अपनी पूरी क्षमता तक पहुंच सकें। संस्थान का मानना है कि, बालिकाओं को सशक्त बनाकर हम एक मजबूत और समान समाज की नींव रख सकते हैं।
प्रधानाचार्य ने अपने प्रेरक विचारों से विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। बालिका सशक्तिकरण के महत्व पर बल दिया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि, आगामी सत्र के लिए उनके विद्यालय न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल में प्रवेश प्रारंभ हो गया है।



0 टिप्पणियाँ