महाशिवरात्रि के लिए सजे शिवालय, कल मनेगी महाशिवरात्रि, प्रशासन एलर्ट

सार........

⭕ महराजगंज तहसील क्षेत्र के भंवरेश्वर व नगर के दानेश्वर महादेव मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया, पुलिस कर्मी किए गए तैनात।

विस्तार...........

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: महाशिवरात्रि 26 फरवरी 2025 बुधवार के उपलक्ष्य पर देवाधिदेव भगवान शिव की उपासना कर उनका शुभाशीष पाने के लिए क्षेत्र के समस्त शिवालय सज गए हैं। कहीं पर श्री रामचरितमानस का अखंड पाठ तो कहीं देवालयों को सजाया जा रहा है। महाशिवरात्रि के दिन पवित्र शिवलिंग का जलाभिषेक करने के साथ भस्म श्रृंगार के लिए कई शिवालयों में विशेष व्यवस्था की गई है। कस्बे के सुप्रसिद्ध दानेश्वर महादेव मंदिर, कैर गांव में कैरेश्वर महादेव मंदिर, मऊ में ऊंचेश्वर महादेव मंदिर सहित क्षेत्र के शिकन्दरपुर, मोन, मुरैनी, ज्योना, चंदापुर, जनई, अशर्फाबाद, हलोर, जमुरावां, पारा कला, हरदोई, बावन बुजुर्ग बल्ला समेत तमाम शिवालय दुल्हन की तरह सजाए गए हैं। क्षेत्र के भंवरेश्वर महादेव मंदिर सहित कस्बे के दानेश्वर महादेव मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रखने के लिए पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। जगह-जगह वैरीकेटिंग की व्यवस्था करी गई है, ताकि श्रद्धालुओं को जलाभिषेक, पूजन आदि में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। 

      आपको बता दें कि, महाशिवरात्रि पर्व का शिव भक्तों को साल भर से इंतजार रहता है। ऐसी मान्यता है कि, महाशिवरात्रि पर भगवान शिव की स्तुति करने पर हजार गुणा अधिक फल मिलता है। इस दिन क्षेत्र के प्रमुख शिवालयों में मध्यरात्रि से ही शिव भक्तों की कतारें लगनी शुरू हो जाती हैं। पवित्र शिवलिंग का जलाभिषेक करने के साथ कई शिवभक्त इस दिन विशेष रूप से रुद्राभिषेक भी करवाते हैं। महा शिवरात्रि के उपलक्ष्य पर समूचा महराजगंज क्षेत्र ही शिवमय् हो गया है और हर शिव भक्त अपनी मान्यता के अनुसार भगवान शिव के गुणगान के लिए तैयार है। 

     कस्बा महराजगंज के विद्युत उपकेंद्र स्थित शिवालय में तो आज मंगलवार से श्री राम चरित मानस का अखंड पाठ हो रहा है, बुधवार को समापन के पश्यात हवन पूजन फिर विशाल भंडारे का आयोजन होगा। इसके अलावा क्षेत्र के कई शिवालयों में तो भजन संध्या का भी इंतजाम है। सई नदी के तट पर स्थित भंवरेश्वर महादेव मंदिर, कस्बे के दानेश्वर महादेव मंदिर और अटरा गांव के शिव मन्दिरों में प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां हर साल जिले के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं के आने के साथ अन्य जिलों से भी बड़ी तादाद में श्रद्धालु भगवान शिव का आर्शीवाद पाने के लिए आते हैं। सई नदी के तट पर स्थित भंवरेश्वर महादेव मंदिर में व्यवस्थाएं बनाने के लिए राजस्व विभाग के कर्मचारी तैनात करने के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी तादाद में पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे।

    महाशिवरात्रि के मौके पर व्यवस्थाओं को मानीटर स्वयं उप जिलाधिकारी महराजगंज सचिन यादव, क्षेत्राधिकारी यादवेन्द्र बहादुर पाल समेत तहसीलदार मंजुला मिश्रा करेंगे। सई नदी के तट पर स्थित भंवरेश्वर महादेव मंदिर में कतारबद्ध श्रद्धालुओं को पवित्र शिवलिंग के दर्शन करवाने के लिए बैरीकेडिंग की भी व्यवस्था की गई है।

       इसके साथ ही महाशिवरात्रि पर्व पर कई शिवालयों में चार पहर पूजा की भी विशेष व्यवस्था की गई है, जोकि, सारी रात चलेगी और गुरुवार को हवन यज्ञ के साथ भंडारों का भी आयोजन होगा। 

     एसडीएम महराजगंज सचिन यादव ने बताया कि, भंवरेश्वर महादेव मंदिर सहित क्षेत्र के देवालयों में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर सारी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को जलाभिषेक और दर्शन पूजन में कोई परेशानी न हो।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ