भ्रष्टाचार घोटालों से सरकार को बेनकाब करने की कांग्रेसियों ने भरी हुंकार।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली: यूपीपीसीएल के भविष्यनिधि में हुए घोटाले के विरोध में आज रायबरेली के कांग्रेसियो ने ऊर्जा मंत्री का पुतला फूंका और सरकार के साथ ही ऊर्जा मंत्री के विरोध में जमकर नारेबाजी की। साथ ही उन्होंने प्रेस वार्ता कर सरकार व ऊर्जा मंत्री के लगातार विरोध की बात कही।
     आपको बता दें कि, प्रदेश में यूपीपीसीएल के कर्मचारियों के भविष्यनिधि में हुए अरबो के घोटाले का मामला दिनोदिन तेजी पकड़ता जा रहा है। आज इसी कड़ी में रायबरेली में भी कांग्रेसियो ने घोटाले के विरोध में प्रदेश के ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा का पुतला फूँका और सरकार व मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा दोषियों पर कड़ी कार्यवाही करने की मांग की।
     आर्थिक आपातकाल के विरुद्ध अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की अध्यक्ष व रायबरेली की सांसद सोनिया गांधी के निर्देशन पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी रायबरेली ने आज 5 नवंबर 2019 से 15 नवंबर तक जिला मुख्यालय से लेकर ब्लॉक स्तरीय विरोध प्रदर्शन करेगी। इस विरोध प्रदर्शन में देशव्यापी धरना प्रदर्शन नुक्कड़ सभाएं व गोष्ठियों तथा बर्तनों के साथ जिले के मुख्य बाजारों में प्रदर्शन और चौपाले आदि होंगी। जिसकी जानकारी प्रेस वार्ता के माध्यम से जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंकज तिवारी व शहर अध्यक्ष सईदुल हसन ने संवाददाताओं को दी है।
     प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्री तिवारी ने बताया कि, 6 व 7 नवंबर 2019 को ब्लाकों, तहसीलों, कचहरियों व विभिन्न कालेजों में भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर करने वाले पर्चे का वितरण किया जाएगा। आठ व 9 नवंबर को आर्थिक मंदी और सरकारी नीतियों के विरोध में जिला शहर ब्लाक व वार्ड स्तरीय नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया जाएगा तथा 10 नवंबर को जिले के मुख्य बाजारों में बेरोजगारी के खिलाफ घरेलू बर्तनों के साथ प्रदर्शन किया जाएगा।
    वहीं प्रेस वार्ता के दौरान बताया गया कि, 11 नवंबर को राष्ट्रीय शिक्षक दिवस और मौलाना अब्दुल कलाम आजाद पर एक वार्ता का आयोजन किया जाएगा तथा 12 व 13 नवंबर को किसानों की समस्याओं को लेकर चर्चा की जाएगी और 14 नवंबर को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर नेहरू के सपनों का भारत विषय पर सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। 15 नवंबर को जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन सभा व जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर 10 दिवसीय कार्यक्रमों का समापन किया जाएगा।
     शहर अध्यक्ष सईदुल हसन ने बताया कि, राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर व प्रदेश कमेटी के आवाहन पर होने वाले कार्यक्रमों का शहर व वार्ड कमेटियां पूरी ताकत से आयोजन करेंगी व भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के समक्ष रखेंगी।
     रायबरेली स्थिति कांग्रेस कार्यालय तिलक भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में जिला प्रवक्ता अभय त्रिवेदी, महताब आलम, लालआशकिरण प्रताप सिंह ने आए हुए पत्रकारों का आभार जताया और जनपद वासियों से खासतौर नौजवानों से बड़ी संख्या में प्रदर्शनों में भाग लेने की अपील की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ