जिले में जुमा का दिन रहा खुशनुमा एकता के मामले में हमेशा जिला रहा अव्वल।। Mirzapur news ।।

Salil Pandey
मिर्जापुर: आसपास के जिलों से आती हिंसक खबरों के बीच इस जिले में मोहब्बत का बगीचा खुशबू बिखेरता ही रहा । व्हाट्सएप, फेसबुक के पंखों के सहारे उड़ते अफवाहों के दौर में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों की संजीदगी भरे कदम ज्यादा प्रभावी रहे । अधिकारियों की निरन्तर पदयात्रा जनजीवन को सुकून की नींद देने में कामयाब रही ।
 जुमा का दिन रहा ख़ुशनुमा !---
दर-असल जुमेरात के दिन सांझ होने के बाद रात 8:30 के करीब नगर के तरकापुर मुहल्ले में 25-30 लोगों ने नागरिकता कानून को लेकर नारेबाजी जैसे ही की कि बड़े आफिसर्स तड़ातड़ मौके पर पहुंच गए । जिससे स्थिति नियंत्रण में आ गई । प्रायः ऐसे मौकों पर अफवाह के जिन्न को उड़ने का मौका मिलता है लेकिन इस जिन्न को पुलिस ने उड़ने से रोक दिया और खुद SP डॉ धर्मवीर सिंह ने बाकायदा इंटरव्यू देकर स्थिति साफ कर दी और बताया कि 5 नामजद तथा 25 अज्ञात के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज हो गया है । प्रायः पुलिस ऐसे मौकों पर खबर दबाती है तो खबर बेखबर होकर माहौल बिगाड़ती ही है ।
पत्ता खड़क कि बंदा भड़का
सजगता की यही निशानी है कि कहीं पत्ता खड़के तो फौरन एक्टिव हो जाना । जिले में 2 नवंबर को आते ही DM श्री सुशील कुमार पटेल के सामने पिछले साल बारावफात के जुलूस में उपद्रव के लगे दाग को धोने की प्रथम जिम्मेदारी थी । इस वजह से उन्होंने उस वक्त जबरदस्त होमवर्क किया । इस होमवर्क के चलते नए होने के बावजूद श्री पटेल की हर वर्गों के अमन-चैन के सिपहसालारों से मुलाकातें जो हुई, वह ताजा मामले में कारगर सिद्ध हो रही हैं । अभी दो-चार दिन पहले ही DM श्री पटेल एवं SP डॉ सिंह ने जिले में भाई-चारे के पक्षधरों की बैठक तो ली ही, साथ ही इधर कई दिनों से शहर की सड़कों, गलियों, चैराहों पर निरन्तर भ्रमण एवं जनसंवाद भी करते रहे जिसका सार्थक असर रहा है कि जुमेरात को तरकापुर की घटना ने तत्काल दम तोड़ दिया और जुमा का दिन खुशनुमा रहा । जिले के प्रबुद्ध लोगों से काफी रफ़्त-जब्त के चलते SP (सिटी) श्री प्रकाश स्वरूप पांडेय के पास अनुभव  का सजरा है, वह भी खुशनुमा माहौल बनाने में योगदान कर रहा है ।
यहां के प्रबुद्ध लोग अपनी जिम्मेदारी समझते हैं--
नगर के प्रबुद्ध तबके के लोग अपनी जिम्मेदारी समझते भी हैं कि आपसी एकता की धारा यहां सूखने न पाए । हर वर्ग के लोग यह चाहते हैं कि जिले के माथे पर कोई दाग न लगे । जब भी कोई परीक्षा की घड़ी आई और आसपास के जिले फेल हुए तब भी यह जिला आपसी एकता, सामंजस्य के मामले में अव्वल रहा है ।
कमिश्नर और डीआईजी भदोही में---
जुमे के दिन मंडल के भदोही जिले में उपद्रव की खबर आते ही कमिश्नर श्रीमती प्रीति शुक्ला एवं डीआईजी श्री पीयूष श्रीवास्तव भदोही निकल पड़े । वहां भी आपसी बातचीत कर लोगों से आपसी बातचीत कर माहौल अनुकूल बनाने का कदम उठाया ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ