अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस पर विद्यापीठ में आयोजित की गई गोष्ठी।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी
शिवगढ़/रायबरेली: शिवगढ़ क्षेत्र के श्री बरखण्डी विद्यापीठ इण्टर कॉलेज शिवगढ़ के सभागार में नेशनल एंटी करप्शन एण्ड ह्यूमन राइट्स कमेटी द्वारा अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का शुभारम्भ मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित श्री बरखण्डी विद्यापीठ इण्टर कॉलेज शिवगढ़ के प्रधानाचार्य डॉ0 त्रिद्विवेन्द्रनाथ त्रिपाठी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया।
     आपको बता दें कि, गोष्ठी को संबोधित करते हुए श्री त्रिपाठी ने कहा कि, जागरूकता के अभाव में हर कोई किसी न किसी के शोषण का शिकार हो रहा है। उसके अधिकारों का हनन किया जा रहा है। मानवाधिकार को पूर्ण रूप से प्रभावी बनाने के लिए हम सबको अपनी नैतिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए लोगों को जागरूक करना होगा। और एक साथ कदम से कदम मिलाकर मानव अधिकारों का हनन करने वालों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।
      वहीं नेशनल एंटी करप्शन एण्ड ह्यूमन राइट्स कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता विकास वर्मा ने गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि, 1948 से अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस मनाया जा रहा है। हालांकि भारत में देश का संविधान लागू होने के बाद वास्तविक रूप से हमें हमारे मूल अधिकार मिले।
      श्री वर्मा ने कहा कि, बेगुनाह होते हुए भी पुलिस द्वारा लोगों के साथ अपराधियों जैसा बर्ताव किया जाता है। ये किसी को अधिकार नहीं है कि, किसी निर्दोष व्यक्ति का शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक शोषण करें।
      वहीं जिला अध्यक्ष दुर्गेश अवस्थी ने गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि, मानवाधिकार दिवस लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मनाया जाता है। मानवाधिकार में स्वास्थ्य, आर्थिक,सामाजिक, अभिव्यक्ति की आजादी और शिक्षा का अधिकार आदि शामिल है। मानवाधिकार वे मूलभूत नैसर्गिक अधिकार हैं जिनसे मनुष्य को नस्ल, अभिव्यक्ति की आजादी, जाति, राष्ट्रीयता, धर्म, लिंग आदि के आधार पर वंचित या प्रताड़ित नहीं किया जा सकता।
     वहीं महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष अर्चन ने गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि, बेटों की तरह बेटियों को भी शिक्षा का अधिकार है। समाज में बेटियों को बराबरी का हिस्सा मिलना चाहिए। रात 9 बजे के बाद साधन न मिलने की स्थिति में डायल 112 गाड़ी से महिलाओं को उनके सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की पहल सरकार की बहुत ही महत्वाकांक्षी पहल है। महिला सुरक्षा को लेकर सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे, जिससे महिलाएं निर्भीक होकर अपना सफर तय कर सकें,
       कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक अरुण कुमार सिंह कर रहे थे। वहीं इस मौके पर उपस्थित कोषाध्यक्ष तुफैल अहमद खान, जिला उपाध्यक्ष पूनम,बबली, दानिश खान, शुभम पटेल, रामसनेही, कमलेश गिरि सहित वक्ताओं द्वारा गोष्ठी को संबोधित किया गया। इस मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ